विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एलडीए के दायरे में शामिल होंगे लखनऊ के 662 गांव शामिल, सीएम योगी ने प्राधिकरण के प्रस्ताव पर लगाई मुहर

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:49 PM (IST)

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का दायरा अब दोगुना होगा, जिसमें 662 नए गांव शामिल किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिससे सुनियोजित विकास और अवैध निर्माण पर अंकुश लगेगा।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. एलडीए के दायरे में अब 662 नए गांव शामिल।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विस्तार प्रस्ताव को दी मंजूरी।

  3. सुनियोजित विकास और अवैध निर्माण पर लगेगा अंकुश।

धर्मेश अवस्थी, लखनऊ। आखिरकार दो साल बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का दायरा बढ़कर दोगुणा होगा। एलडीए बोर्ड ने पांच जुलाई 2024 को 181वीं बैठक में अपने अधिकार क्षेत्र में 662 राजस्व गांवों को लाने का प्रस्ताव दिया था, उस पर तेजी से कदम बढ़ेंगे। एलडीए ने नियोजित विकास को बढ़ाने के लिए अतिरिक्त ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को परिधि में लाने का प्रस्ताव भेजा था।

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा विस्तार करने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया है, क्योंकि राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) में लखनऊ की आबादी सर्वाधिक तेजी से बढ़ रही है। नए क्षेत्र की आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ ही सुनियोजित विकास के लिए बढ़ते अवैध निर्माण पर प्रभावी अंकुश के लिए एलडीए का विस्तार जरूरी माना।

असल में 2014 में एलडीए के किए गए विस्तार में नगर निगम क्षेत्र सहित 306 राजस्व गांवों को मिलाकर 1051 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल ही दायरे में था, जबकि लखनऊ जिले का क्षेत्रफल 2528 वर्ग किलोमीटर है व 662 गांव एलडीए की परिधि से बाहर थे।

इसीलिए एलडीए ने प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजकर लखनऊ इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथारिटी (एलआइडीए) और कैंटोनमेंट एरिया को छोड़कर लखनऊ जिले के बाकी शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपना अधिकार क्षेत्र बढ़ाने की मंजूरी मांगी थी, ताकि बिना प्लान के हो रहे विकास को रोककर इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने और अनियोजित कालोनियों पर अंकुश लगाया जा सके।

एलडीए ने जो प्रस्ताव सरकार को भेजा था वह कदम भी पांच जुलाई 2022 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद जारी किए गए निर्देशों के बाद उठाया गया था। एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया, एलडीए बढ़े हुए इलाकों में नई हाउसिंग स्कीम शुरू करने, कनेक्टिविटी सुधारने और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने का प्लान है। गैर-कानूनी कालोनियों को नियमित करने पर भी विचार किया जा सकता है।

विस्तार योजना में थे छह ब्लाक, 10 नगर पंचायतें

प्रस्ताव में सरोजनी नगर, काकोरी, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, गोसाईगंज और मोहनलालगंज समेत छह विकासखंड के बाकी इलाकों के साथ पूरा माल ब्लाक भी शामिल था। इसमें 10 नगर पंचायतों महोना, इटौंजा, मलीहाबाद, नगराम, अमेठी, काकोरी, बख्शी का तालाब, मोहनलालगंज, बंथरा और गोसाईंगंज को भी शामिल करना था।

नई योजनाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर और आवासीय कालोनियां बढ़ेंगी

एलडीए के विस्तार से उन इलाकों में आवासीय योजनाओं और कनेक्टिविटी में सुधार की योजना बनेगी जो अभी अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं। प्राधिकरण इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट शुरू करके अनियोजित कालोनियों की जांच भी करा सकता है। विस्तार से प्राधिकरण की निगरानी मौजूदा विकास क्षेत्र एरिया बढ़ जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।