Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dussehra 2022 in UP: लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में वर्षा से रावण दहन हो सकता है प्रभावित

    By Dharmendra PandeyEdited By:
    Updated: Wed, 05 Oct 2022 01:12 PM (IST)

    Rain in UP During Dussehra 2022 लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को तड़के ही बादलों ने अपनी आगोश में ले लिया है। जिलों में आज दुर्गा पूजा के समापन और रावण दहन के कार्यक्रमों पर असर पड़ रहा है। रावण के पुतले वर्षा के कारण गिरने लगे हैं।

    Hero Image
    Rain in UP During Dussehra 2022: Lucknow in Rain

    लखनऊ, जेएनएन। Rain in UP During Dussehra 2022: विदाई की वेला में काफी बिलंब करने वाले मानसून ने इस बार दशहरा पर्व को भी प्रभावित किया है। लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार की सुबह से हो रही वर्षा ने जगह-जगह पर सजे रावण के पुतलों के दहन के लिए मैदानों को पानी से सराबोर कर दिया है। इतना हीं नहीं वर्षा के कारण दुर्गा पूजा के पंडालों में भी पानी एकत्र हो रहा है और आज प्रतिमाओं के विसर्जन में भी काफी परेशानी हो सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसको हथिया नक्षत्र के उत्तरार्द्ध का असर कहें या देवी के गज पर आगमन-प्रस्थान का फल। वर्षा ने सभी जगह पर अपना रंग दिखा दिया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न वायुदाब के क्षेत्र के प्रभाव से बादल उत्तर प्रदेश में आकर ठहर गए हैं। माना जा रहा है कि वर्षा का यह क्रम बीतते ही शरद ऋतु का आगमन होने लगेगा।

    लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को तड़के ही बादलों ने अपनी आगोश में ले लिया है। जिलों में आज दुर्गा पूजा के समापन और रावण दहन के कार्यक्रमों पर असर पड़ रहा है। सभी जगह पर रावण के पुतले वर्षा के कारण गिरने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी लखनऊ के साथ साथ प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बुधवार को मध्यम बारिश के आसार हैं। जबकि कुछ जिलों में भारी बारिश के लिए चेतावनी भी जारी की गई है।

    कानपुर में 5.2 मिली वर्षा

    कानपुर में मौसम देर रात से बदला है। मंगलवार से आसमान में बादलों की घटा छा गई और देर रात से वर्षा का सिलसिला फिर शुरू हो गया। सीएसए विश्वविद्यालय के मौसम विभाग में बुधवार सुबह आठ बजे तक 5.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

    आठ अक्टूबर तक जगह-जगह पर होगी वर्षा

    आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि आठ अक्टूबर तक प्रदेश भर में मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी। प्रदेश के नेपाल से सटे जिलों समेत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज चमक के साथ भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है।

    हवा में कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Region) उत्पन्न 

    मानसून की ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी से पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश की ओर आ रही है। इसके कारण एक सप्ताह तक बादलों की आवाजाही और वर्षा जारी रहेगी।

    भारी वर्षा के लिए आरेंज अलर्ट (Orange Alert) 

    मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले दो दिन तक तो कई जिलों में भारी वर्षा होगी। इनके लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

    इन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी

    • महाराजगंज
    • सिद्धार्थनगर
    • श्रावस्ती
    • बलरामपुर
    • बहराइच
    • लखीमपुर खीरी

    इन सभी जिलों में भारी वर्षा के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

    कुछ जिलों में यलो अलर्ट (Yellow Alert) 

    मौसम विभाग ने प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यह जिले बादलों की आगोश में रहेंगे और गरज-चमक के साथ यहां पर वर्षा होगी।

    इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी 

    • हमीरपुर
    • महोबा
    • सोनभद्र
    • मिर्जापुर
    • चंदौली
    • वाराणसी
    • गाजीपुर
    • आजमगढ़
    • मऊ
    • बलिया
    • देवरिया
    • गोरखपुर
    • कुशीनगर
    • महाराजगंज
    • संत कबीर नगर
    • बस्ती
    • गोंडा
    • बाराबंकी
    • सीतापुर

    इन जिलों में गरज तथा चमक के साथ भारी वर्षा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।