डीजीपी राजीव कृष्ण ने 2024 बैच के IAS ट्रेनी से की सीधी चर्चा, कानून-व्यवस्था पर दिए अहम टिप्स
डीजीपी राजीव कृष्ण ने 2024 बैच के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया खासकर ज़मीन विवादों के समाधान में। अधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय का दौरा किया और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति अपराध नियंत्रण के प्रयासों और सोशल मीडिया निगरानी के बारे में जानकारी प्राप्त की।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। डीजीपी राजीव कृष्ण ने उप्र संवर्ग के 2024 बैच के 19 प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। कहा कि प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के मध्य बेहतर तालमेल होना बहुत जरूरी है।
कानून व्यवस्था के दौरान मौके की स्थिति के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती से लेकर निरोधात्मक कार्यवाही के जरिए स्थिति को संभाला जा सकता है।
डीजीपी मुख्यालय में हुई शिष्टाचार भेंट में कहा कि जमीन संबंधी मामलों के निस्तारण में प्रशासनिक अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। जमीन विवाद के प्रकरणों को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को मिलकर पूरी पारदर्शिता के साथ निस्तारित करना चाहिए।
क्योंकि ज्यादातर घटनाएं जमीन विवाद के कारण होती हैं। इस दौरान अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण एल. वेंकटेश्वर लू भी मौजूद रहे। डीजीपी ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय का भ्रमण भी किया। डीजी प्रशिक्षण तिलोत्तमा वर्मा, डीजी सीआइडी व अभियोजन दीपेश जुनेजा, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश, एडीजी प्रशिक्षण बीडी पाल्सन, एडीजी तकनीकी सेवाएं नवीन अरोड़ा, एडीजी साइबर क्राइम बिनोद कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रदेश में अपराध व कानून-व्यवस्था की स्थिति, संगठित अपराध की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्याें व अन्य क्षेत्र में हो रही कार्रवाई की भी जानकारी दी।
डीजीपी के पीआरओ एएसपी राहुल श्रीवास्तव ने उन्हें सोशल मीडिया सेल का भ्रमण कराया और इंटरनेट मीडिया की निगरानी के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। प्रशिक्षु अधिकारियों ने इसके बाद यूपी 112 मुख्यालय व 1090 का भी भ्रमण किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।