योगी आदित्यनाथ सरकार में निगम, आयोग व बोर्ड के मुखिया की होगी ताजपोशी, शीघ्र होगा मंत्रिमंडल विस्तार
Yogi Adityanath Cabinet Expansion: एक तिहाई पदों पर महिलाओं की भागीदारी पर सबकी नजर होगी।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय
HighLights
सीएम से शनिवार को मिले प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह
राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े आज लखनऊ में, सीएम योगी व संगठन से मिलेंगे
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव को लेकर संगठन के विस्तार में जुटी भाजपा उत्तर प्रदेश में इस सप्ताह कई बड़े निर्णय लेगी।
नई दिल्ली में दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ बैठक करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने फाइलों के साथ शनिवार शाम सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। अब माना जा रहा है कि निगम, आयोग एवं बोर्ड के रिक्त पदों को भरने के साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार पर पार्टी अंतिम फैसला लेने जा रही है।
2802 सभासदों का मनोनयन
पिछले माह प्रदेश संगठन ने सरकार के माध्यम से 2802 सभासदों का मनोनयन करवाकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को साधा। चुनावी वर्ष में पार्टी को कई फ्रंट पर मुकाबला करना होगा। ऐसे में समाजवादी पार्टी के पीडीए की काट के लिए भाजपा संगठन में बड़ी संख्या में ओबीसी व अनुसूचित चेहरों को स्थान दे सकती। वहीं निगम, आयोग एवं बोर्ड में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पद देकर उन्हें चुनावी रूप से रिचार्ज किया जा सकता है।
जातीय एवं क्षेत्रीय तार कसने का प्रयास
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पार्टी में कई दौर का मंथन हो चुका है। कई अंतर्विरोधों एवं चेहरों की खराब छवि के बावजूद पार्टी उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने से बचेगी। नए चेहरों के जरिए जातीय एवं क्षेत्रीय तार कसने का प्रयास होगा। दिल्ली में बैठक के बाद अगले दिन शनिवार को लखनऊ पहुंचकर पंकज चौधरी एवं धर्मपाल सिंह के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने से साफ है कि संगठन और सरकार के बीच किसी बड़े निर्णय को लेकर सहमति बन रही है।
लखनऊ में रहेंगे विनोद तावड़े
मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा इसलिए भी तेज हुई है क्योंकि रविवार को राष्ट्रीय महामंत्री एवं यूपी के चुनाव प्रभारी रहे विनोद तावड़े लखनऊ में रहेंगे। माना जा रहा है कि तावड़े पर्यवेक्षक की भूमिका में सरकार एवं संगठन से संवाद कर चुनिंदा नामों को मंत्रिमंडल के लिए लिफाफे में बंद करेंगे। वह सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिलेंगे। इसके बाद दिल्ली से अंतिम मुहर लग सकती है।
यह भी पढ़ें- मकर संक्रांति का इंतजार, उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में विस्तार के साथ मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल
एक ब्राहृमण व एक अनुसूचित जाति का शामिल होना तय
योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में एक ब्राहृमण और एक अनुसूचित जाति के चेहरे का शामिल होना तय माना जा रहा है। उधर, छह क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ ही प्रदेश इकाई की 45 सदस्यीय टीम बननी है। चुनावी वर्ष में युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष भी कई पहलुओं पर ध्यान रखकर बनाया जाना है। एक तिहाई पदों पर महिलाओं की भागीदारी पर सबकी नजर होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।