यूपी में झंडा लगाओ अभियान से माहौल बनाएगी कांग्रेस, ज्यादा सीटों की दावेदारी को लेकर सक्रिय
UP Congress: विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर अगले सप्ताह पहली बैठक होनी है।

प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम
HighLights
जिला और शहर अध्यक्षों को एक सप्ताह में अभियान पूरा करने का लक्ष्य
घरों के साथ वाहनों पर भी लगाए जाएंगे पार्टी के झंडे और पोस्टर
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के तहत ज्यादा सीटों पर दावेदारी ठोंकने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कांग्रेस ने राज्य भर में झंडा लगाओ अभियान शुरू करने का फैसला किया है। इस सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला व शहर अध्यक्षों को अगले एक सप्ताह में ज्यादा से ज्यादा घरों व गाड़ियों पर झंडे व पोस्टर लगाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर अगले सप्ताह पहली बैठक होनी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहले से यह बात कहते आ रहे हैं कि सपा के साथ बराबरी और सम्मान का गठबंधन होगा। इसके तहत कांग्रेस की 200 सीटों पर दावेदारी बनती है। सपा कांग्रेस के 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है।
कांग्रेस की तरफ से अभी तक गठबंधन के लिए 200 सीटों की ही बात सामने आ रही थी। शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के 181 सीटों पर दावेदारी ठोकने का बयान देकर कांग्रेस में हलचल बढ़ा दी। वहीं, कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा घरों पर झंडे लगाकर सीटों के बंटवारे को लेकर सपा पर दबाव बनाना चाह रही है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में तीन दशक से ज्यादा समय से सत्ता से बेदखल चल रही कांग्रेस मतदाताओं तक अपनी मौजूदगी का संदेश भी पहुंचा पाएगी। फिलहाल विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच लंबे समय से सीटों के बंटवारे की चल रही बातचीत का नतीजा इसी माह सामने आने की उम्मीद की जा रही है। इसके चलते दोनों दलों में लगातार खींचतान बढ़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।