विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें, गठबंधन को लेकर 17 नवंबर को होगी दोनों पार्टियों की बैठक

Published: Sat, 14 Nov 2026 10:20 PM (GMT+05:30)

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बताया कि कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए 181 सीटों की मांग की है। दोनों दल 17 नवंबर को सीट बंटवारे पर चर्चा करेंगे।

गठबंधन में कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें।

गठबंधन में कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें।

HighLights

  1. कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए 181 सीटों की मांग की।

  2. सपा-कांग्रेस नेता 17 नवंबर को सीट बंटवारे पर करेंगे चर्चा।

  3. सपा जीत की संभावना और पिछले प्रदर्शन को आधार बनाएगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव के लिए गठबंधन में कांग्रेस द्वारा मांगी गई सीटाें की संख्या खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बता दी है। उन्होंने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में साफ किया कि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग की है।

सपा प्रमुख ने कांग्रेस से अच्छी दोस्ती का हवाला दिया और बंटवारे पर आसानी से निर्णय होने का भी संकेत दिया, परंतु इस संख्या पर दोनों दलों के बीच मोलभाव होना तय है, क्योंकि सपा की ओर से 100 से कम सीटें दिए जाने के संकेत अब तक दिए जाते रहे हैं।

दूसरी तरफ किस सीट पर कौन दल लड़ेगा, इसका निर्णय भी सपा अपने आकलन पर करना चाहती है। अब 17 नवंबर को दोनों दलों के नेता बैठक कर सीट बंटवारे पर चर्चा करने जा रहे हैं।

कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर हुई चर्चा

शनिवार को एक तरफ सपा प्रमुख ने सीटों की संख्या बताई तो दूसरी तरफ कांग्रेस के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्र मोना ने बताया कि दोनों दलों के नेता 17 नवंबर को सीट बंटवारे पर वार्ता करेंगे। इस बातचीत में दोनों के लिए रणनीतिक और सम्माजनक नतीजे तक पहुंचने की चुनौती होगी। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं।

विधानसभावार प्रदर्शन के आधार पर उस चुनाव में सपा को 183 और कांग्रेस को 39 क्षेत्रों में बढ़त मिली थी। कांग्रेस इसी आधार पर अपनी राजनीतिक जमीन बढ़ाना चाहती है। वहीं, सपा गठबंधन सहित पूरे चुनाव को अपनी रणनीति पर केंद्रित रखना चाहती है। सपा प्रमुख पहले ही सीट बंटवारे में जीत की संभावना को मुख्य आधार बनाने की बात कह चुके हैं।

2022 में सपा ने जीती थी 111 सीटें

वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी, जबकि सपा ने 111 सीटें जीती थीं। वर्ष 2017 में कांग्रेस सात सीटें ही जीत सकी थी। ऐसे में सपा इस तर्क को भी सामने रखेगी कि सीटों का बंटवारा लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन या राजनीतिक दावेदारी के बजाय संगठन, पिछले विस चुनावों के परिणाम और जीत की संभावना पर होना चाहिए।

सूत्रों के अनुसार इसके लिए सपा ने वर्ष 2022 में कांग्रेस के हर सीट के प्रदर्शन का पूरा लेखा-जोखा तैयार किया है, जो बंटवारे की बातचीत में रखा जाएगा। बंटवारे में 60 सीटों से बातचीत शुरू होगी, जो बहुत खींचतान होने पर अधिकतम 100 तक पहुंच सकती है।

दूसरी तरफ इस माेलभाव में छोटे विपक्षी दलों की भूमिका भी है। सपा और कांग्रेस, दोनों के ही संपर्क में कुछ छोटे दल बताए जा रहे हैं, ऐसे में दोनों की कोशिश सीटों की गुंजाइश बनाए रखने की है।

यह भी पढ़ें- 'भगवान राम ने आशीर्वाद दिया है, धन्यवाद देने जाएंगे', राम मंदिर दर्शन को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।