'फतेहपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष ने मकबरे को तोड़ने के लिए भीड़ को जुटाया', अब कांग्रेस के आरोप ने चढ़ाया सियासी पारा
कांग्रेस ने फतेहपुर में मजारों में तोड़फोड़ की घटना को लेकर सरकार पर हमला बोला है। अजय राय ने इसे सरकार की लापरवाही बताया और भाजपा नेताओं पर गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष पर भीड़ जुटाने और पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम के बीच खाई पैदा करने की कोशिश कर रही है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने फतेहपुर में मजारों में तोड़फोड़ किए जाने की घटना को लेकर सरकार को घेरा है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि फतेहपुर हिंसा राज्य सरकार की लापरवाही का नतीजा है। फतेहपुर गंगा-जमुनी तहजीब के लिए देशभर में मशहूर है।
भाजपा नेताओं ने सत्ता की हनक व पुलिस के दम पर यहां की गंगा-जमुनी तहजीब पर दंश लगाने का काम किया है। फतेहपुर पुलिस प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है, जिससे आरोपियों को बचाया जा सके।
राय ने आरोप लगाया कि फतेहपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल ने मकबरे को तोड़ने के लिए भीड़ काे जुटाया। भाजपा नेताओं की नजर मकबरे के नाम पर दर्ज 11 बीघे जमीन पर है। जमीन पर भाजपा संरक्षित भू-माफिया प्लाटिंग कराना चाहता है।
पुलिस ने यदि वक्त रहते भाजपा नेता की विरुद्ध कार्रवाई की होती तो ऐसी घटना न होती। कहा, राज्य सरकार जीरो टालरेंस की नीति का दावा करती है लेकिन मामले में अब तक आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई है।
फतेहपुर पुलिस प्रशासन की विफलता पूरे देश ने देखी कि कैसे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उपद्रवी मकबरे तक पहुंचे और पुलिस की मिलीभगत से तोड़फोड़ की गई। फतेहपुर में अपनी लगातार हार से हताश भाजपा ने माहौल खराब करके हिदू-मुस्लिम के बीच खाई पैदा करने की कोशिश की है। अब तक पुलिस प्रशासन ने किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।