Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    CM Yogi Adityanath: अगर यमराज से टिकट कटवाना हो तो किसी बेटी से छेड़छाड़ करके देख लें: योगी आदित्यनाथ

    By Dharmendra PandeyEdited By: Dharmendra Pandey
    Updated: Wed, 15 Oct 2025 04:40 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले सरकार केवल सैफई परिवार के बारे में सोचती थी। योगी आदित्यनाथ ने बेटियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि छेड़छाड़ करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी और उन्हें यमराज के पास भेज दिया जाएगा।

    Hero Image

    लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अराजक तत्वों को सीधी चेतावनी दी। लोकभवन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों को निश्शुल्क सिलिंडर रीफिल वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यदि किसी ने बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया तो तय मानिए, अगले चौराहे पर यमराज टिकट काटने के लिए खड़ा होगा। अगर किसी को टिकट कटाना हो तो छेड़छाड़ करके देख ले।ये केवल योगी सरकार कर सकती है।
    योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम में ही समाजवादी पार्टी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले इस प्रदेश में सरकार केवल सैफई परिवार के बारे में सोचती थी। घूम- फिरकर सब वही चाचा-भतीजा, महाभारत के सभी रिश्ते आते थे। सपा के मंत्री, मुख्यमंत्री सब माफिया के सामने नाक रगड़ते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। एक ही परिवार के सारे लोग सरकारी योजनाओं, नौकरियों में लूट मचाते थे, डकैती डाल देते थे। उत्साह के उमंग को दंगों की भेंट चढ़ा देते थे। अब हर त्यौहार शांति और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
    इससे पहले मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को निश्शुल्क सिलिंडर रीफिल का उपहार दिया। उन्होंने दस महिलाओं को योजना का लाभ देकर रीफिल वितरण की शुरुआत की। योगी आदित्यनाथ सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1.86 करोड़ पात्र महिलाओं के खाते में 1500 करोड़ रुपए की सब्सिडी प्रदान करने के अलावा आधी आबादी के सशक्तिकरण को मिशन के रूप में आगे बढ़ा रही है। उत्तर प्रदेश में नारी सम्मान को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए बीते वर्षों में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं।
    योगी आदित्यनाथ सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। लगातार चल रहे इन प्रयासों ने न केवल महिलाओं के जीवन स्तर को ऊंचा किया है, बल्कि समाज में सम्मान, आत्मविश्वास और समानता की भावना को भी मजबूत किया है। उत्तर प्रदेश आज नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश कर रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार से लाभ

    • कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत अब तक 26 लाख 34 हजार बेटियों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। यह योजना बालिकाओं की शिक्षा, पोषण और भविष्य की सुरक्षा के लिए एक मजबूत आधार साबित हुई है।
    • महिलाओं को संपत्ति का स्वामित्व दिलाने के लिए घरौनी योजना चलाई गई है, जिसके तहत एक करोड़ दस लाख महिलाओं को गृहस्वामित्व प्रमाणपत्र प्राप्त हुए हैं। इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं को अधिकार और आत्मसम्मान दोनों प्रदान किए हैं।
    • आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए प्रदेश में दस लाख स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) गठित किए गए हैं, जिनसे 1 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं। इन समूहों को समय-समय पर रिवॉल्विंग फंड के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे महिलाएं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन कर रही हैं।
    • मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से 4 लाख 67 हजार से अधिक महिलाओं का विवाह संपन्न कराया गया है। प्रत्येक विवाह पर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता ने गरीब परिवारों के आर्थिक बोझ को कम किया है।
    • महिलाओं की दैनिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत 2 करोड़ 41 लाख घरों में नल से जल उपलब्ध कराया गया है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को राहत मिली है, जिन्हें पहले पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
    • महिला स्वामित्व को प्रोत्साहित करने के लिए ₹1 करोड़ तक की संपत्ति खरीद पर महिलाओं को 1% स्टाम्प शुल्क की छूट दी गई।
    • सरकारी सेवाओं में 20% आरक्षण के प्रावधान से अब तक 1 लाख 75 हजार महिलाओं को रोजगार मिला है, जिनमें से 44,177 महिलाओं की भर्ती पुलिस विभाग में हुई।
    • नारी सुरक्षा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अपराधियों को सजा दिलाने में प्रदेश देश में अग्रणी है। कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने से लेकर सजा तक का समय सिर्फ 40 दिन रहा।
    • निराश्रित महिलाओं को 1,000 रुपया मासिक भत्ता देने की व्यवस्था से 36 लाख 75 हजार महिलाएं लाभान्वित।
    • इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से 2 लाख महिलाएं और बीसी सखी योजना के तहत 39 हजार महिलाएं ग्रामीण वित्तीय व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा बनी।

    लाभार्थी महिलाओं ने सीएम योगी आदित्यनाथ का जताया आभार

    निशुल्क घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त करने वाली लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। लाभार्थी लीलावती ने कहा कि इस निशुल्क सिलेंडर के लिए मुख्यमंत्री जी का हार्दिक धन्यवाद करते हैं। यह दीपावली के पावन अवसर पर हमारे लिए अमूल्य उपहार है। वहीं, लखनऊ की निशा चौहान ने कहा कि इस सब्सिडी का लाभ प्रदान करने के लिए हम मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट करते हैं। पहले हम चूल्हे में खाना बनाते थे, जिसके चलते हमें बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब मुख्यमंत्री जी द्वारा दिए गए इस उपहार से हमें बहुत लाभ मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का इस उपहार के लिए धन्यवाद करते हैं।