आंतरिक सुरक्षा पर सरकार की नीति स्पष्ट, आतंकियों और अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए देश तैयार: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंतरिक सुरक्षा पर स्पष्ट नीति बताते हुए कहा कि अपराधियों व आतंकियों को अब कोई संरक्षण नहीं मिलेगा।

लखनऊ में बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी और उप्र पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा साथ में एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन। जागरण
HighLights
आंतरिक सुरक्षा पर केंद्र-प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट।
भारत हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम।
यूपी पुलिस को आधुनिक तकनीक से मजबूत किया गया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा।
बदलती वैश्विक चुनौतियों के बीच सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय और बेहतर टीमवर्क के साथ तैयार रहना होगा। बुधवार से शुरू हुआ एनएसजी और यूपी पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 के आपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की सैन्य ताकत और जवाबी कार्रवाई का सामर्थ्य दिखाया है। आंतरिक सुरक्षा पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। न नक्सलियों को संरक्षण मिलेगा, न आतंकियों को मौका दिया जाएगा और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा।
सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम नए भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जहां सुरक्षा बल हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करते हैं। उन्होंने आगाह किया कि आतंकी अब हवाला नेटवर्क, नकली करेंसी, साइबर अपराध और क्रिप्टोकरेंसी के जरिये भी देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। कोई आतंकी डार्क वेब या क्रिप्टो वालेट के पीछे नहीं छिप सकेगा। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर और अयोध्या से बाराबंकी का सफर होगा सुपरफास्ट, मेमू ट्रेनों को लेकर रेलवे ने तैयार किया तगड़ा प्लान
यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व है। प्रयागराज कुंभ-2019 और महाकुंभ-2025 में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को तकनीक और आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया गया है। सभी 75 जिलों में साइबर थाने खोले गए हैं। आपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- 281 करोड़ से नोएडा में बनेगा 'टेक हब', प्रोजेक्ट के लिए योगी सरकार ने खोला खजाना; 100 करोड़ से तैयार होगा कैंपस
यूपी-112 का रिस्पांस टाइम 65 मिनट से घटाकर पांच से सात मिनट तक किया गया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट सक्रिय हैं। योगी ने कहा कि प्रदेश में डकैती की घटनाओं में 84 प्रतिशत और लूट में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। अपराधियों और माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त और ध्वस्त किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।