Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अहिल्याबाई ने रखी विरासत की नींव जिनसे मिली ‘नए भारत’ को दिशा : योगी आदित्यनाथ

    Updated: Thu, 29 May 2025 08:42 PM (IST)

    Contribution of Ahilyabai Holkar in New India योगी आदित्यनाथ कहा कि सरकार ने वीरांगनाओं के नाम पर पीएसी की नई बटालियन का गठन किया और पुलिस बल में बेटियों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। सब ‘आधी आबादी’ को समर्पित प्रधानमंत्री के अभियान का हिस्सा है। जैसे महाराज सुहेलदेव को इतिहास में भुला दिया गया वैसे ही अहिल्याबाई को लंबे समय तक उपेक्षित रखा गया।

    Hero Image
    ब्यूरो: अहिल्याबाई ने रखी विरासत की नींव जिनसे मिली ‘नए भारत’ को दिशा: योगी

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने सनातन धर्म और भारतीय विरासत की जो मजबूत नींव रखी, वही आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘विकास और विरासत’ के अभियान का आधार बन चुकी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डा. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में गुरुवार को आयोजित ‘पुण्य श्लोक’ देवी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान-2025 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर की अखिल भारतीय दृष्टि ने भारत की एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की मजबूत नींव रखी। प्रदेश की ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना उन्हीं परंपराओं के संवर्द्धन का प्रतीक है, जो लोकमाता की भावना के अनुरूप है।

    योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने वीरांगनाओं के नाम पर पीएसी की नई बटालियन का गठन किया और पुलिस बल में बेटियों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। यह सब ‘आधी आबादी’ को समर्पित प्रधानमंत्री के अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांत सलार महमूद गाजी के हमले को बेनकाब करने वाले महाराज सुहेलदेव को इतिहास में भुला दिया गया, वैसे ही अहिल्याबाई को लंबे समय तक उपेक्षित रखा गया। अब समय है कि उनकी प्रेरणा को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

    भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने कहा कि देश का दुर्भाग्य रहा कि शिवाजी, महाराणा प्रताप और अहिल्याबाई होल्कर जैसे नायकों को स्कूली पाठ्यक्रम से दूर रखा गया। 300 वर्ष पहले जब महिला सशक्तीकरण की कोई परिकल्पना भी नहीं थी, तब अहिल्याबाई ने शासन, सेवा और धर्म की मिसाल कायम की।वे कभी युद्ध में पराजित नहीं हुईं। उनका योगदान काशी, हरिद्वार, अयोध्या, सोमनाथ जैसे तीर्थों के निर्माण और पुनरुद्धार में आज भी जीवंत है।

    प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन परिचय हर युवा को पढ़ना चाहिए। उनके सिद्धांत, कार्यशैली और धार्मिक दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर प्रकाश डाला। अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई।

    अहिल्याबाई परीक्षा एप लांच : अहिल्याबाई परीक्षा एप भी लांच किया गया, जो उनके जीवन से शिक्षित करेगा। इसके माध्यम से आनलाइन परीक्षा भी कराई जाएगी। इससे एक करोड़ विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य है।

    संचालन नीरज सिंह ने किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, होल्कर वंश के वंशज उदयराज होल्कर समेत अनेक जनप्रतिनिधि और विशिष्टजन उपस्थित रहे।

    comedy show banner
    comedy show banner