विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: मुख्य सचिव ने प्रदेशभर के अधिकारियों के साथ की वीडियो कान्फ्रेंस‍िंग, बोले- माहौल खराब करने वालों पर करें सख्त कार्रवाई

By Prabhapunj MishraEdited By:
Published: Tue, 14 Jun 2022 09:20 AM (GMT+05:30)

मुख्‍य सच‍िव ने कानपुर और प्रयागराज में ह‍िंंसा के बाद आरोप‍ितों पर हुई तत्‍काल कार्रवाई को सराहनीय बताया। उन्‍होने कहा ...और पढ़ें

मुख्य सचिव ने प्रदेशभर के अधिकारियों को उपद्रव‍ियों से सख्‍ती से कार्रवाई करने के द‍िए न‍िर्देश
मुख्य सचिव ने प्रदेशभर के अधिकारियों को उपद्रव‍ियों से सख्‍ती से कार्रवाई करने के द‍िए न‍िर्देश

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता रहीं नूपुर शर्मा के बयान को लेकर कानपुर और प्रयागराज में ह‍िंसक प्रदर्शन हुए। अभियुक्तों के खिलाफ हुई कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

इंटरनेट मीडिया पर कड़ी नजर रखते हुए अधिकारी छोटी से छोटी घटना में तुरंत कार्रवाई करें। मुख्य सचिव ने प्रदेशभर के मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस‍िंग की। माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों पर सख्ती कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों को समझाया जाए कि बाहर की घटनाओं को लेकर प्रदेश की शांति व्यवस्था को खराब करना अनुचित है और इससे लोगों का रोजी-रोजगार भी प्रभावित होता है।

उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती के साथ-साथ मित्रवत संवाद भी रखा जाए। छोटी सी छोटी घटना पर तुरंत एक्शन लें। वहीं, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने निर्देश दिया कि किसी भी घटना में वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर मामले को वहीं पर शांत कराने का प्रयास करें।

ड्राइव‍िंग लाइसेंस की प्रक्रिया में रोकें दलालों का दखल: मुख्य सचिव ने बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी कई निर्देश दिए। कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी जिले में अवैध ट्रांसपोर्ट पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। सड़कों पर धार्मिक आयोजन कतई न हों, इसके लिए धर्मगुरुओं से नियमित संवाद करते रहें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ड्राइव‍िंग लाइसेंस की प्रक्रिया में दलालों के दखल को सख्ती से रोकें। स्कूल वाहनों की फिटनेस की जांच हो। मंडल के किसी भी जिले से फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि भ्रमण के समय ट्रामा सेंटरों का आकस्मिक निरीक्षण अवश्य करें और उसकी कमी मिलने पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराएं। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जाए।

वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई करें। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान में हटाए गए वेंडरों को स्थान चिन्हित कर पुनस्र्थापित करें, ताकि किसी की भी रोजी-रोटी प्रभावित न हो सके। अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ब्लैक स्पाट चिन्हित कर उनको ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।