Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस बार नहीं होगा लखनऊ महोत्सव, प्रशासन ने इस कारण रद क‍िया कार्यक्रम Lucknow news

    By Anurag GuptaEdited By:
    Updated: Tue, 07 Jan 2020 08:47 AM (IST)

    कई बड़े आयोजनों को देखते हुए प्रशासन ने लिया देर शाम फैसला। 17 से 23 जनवरी के बीच होना था आयोजन।

    इस बार नहीं होगा लखनऊ महोत्सव, प्रशासन ने इस कारण रद क‍िया कार्यक्रम Lucknow news

    लखनऊ, जेएनएन। सोमवार सुबह ही मंडलायुक्त और डीएम ने 17 जनवरी से होने वाले लखनऊ महोत्सव का प्रेस काफ्रेंस कर पोस्टर जारी किया और देर शाम अचानक रद करनेे की घोषणा कर दी गयी। प्रशासन के फैसले से तमाम लोग हैरत में पड़ गए। माना जा रहा है कि डिफेंस एक्सपो की तैयारियों में हो रही लेटलतीफी के चलते सरकार के दबाव में प्रशासन ने फैसला लेना पड़ा।  

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रमाबाई रैली स्थल पर 17 से 23 जनवरी के बीच लखनऊ महोत्सव का आयोजन होना प्रस्तावित था। सोमवार को ही कलाम सभागार में मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम और जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने पोस्टर जारी कर महोत्सव में कलाकारों के नाम भी फाइनल करने की घोषणा की थी। मगर शाम होते होते प्रशासन ने अचानक महोत्सव रद करने की सूचना जारी कर दी। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने जागरण को बताया कि चूंकि आगे डिफेंस एक्सपो और युवा महोत्सव जैसे कई बड़े आयोजन होने हैं इसलिए व्यस्तता के चलते रद किए जा रहा है। इन आयोजनों के बाद इसकी तारीखों की घोषणा की जाएगी। 

    दरअसल अगले कुछ दिनों में राजधानी में तमाम बड़े आयोजन प्रस्तावित हैं। इनमें सबसे अहम पांच फरवरी से डिफेंस एक्सपो का आयोजन है जिस पर दुनिया भर की नजरे हैं। सरकार नहीं चाह रही है कि एक्सपो की तैयारियों पर किसी तरह का असर पड़े। जाहिर है कि महोत्सव में पूरा प्रशासनिक अमला एक सप्ताह तक व्यस्त रहता है, जिसके चलते दूसरी गतिविधियां ठप रहती हैं।

    चूंकि डिफेंस एक्सपो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा दुनिया के तमाम देशों से लाखों लोग आ रहे हैं इसलिए सरकार कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। बीते कुछ दिनों से शहर में डिफेंस एक्सपो को लेकर लगातार गतिविधियां तेज थीं और रक्षा मंत्रालय लगातार निगरानी कर रहा है। इसके अलावा 12 जनवरी से युवा महोत्सव भी होना है। इसमें भर पूरे देश से हजारों युवा आ रहे हैं। यही वजह रही कि सरकार के निर्देश पर प्रशासन को महोत्सव अगले आदेश तक स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा।

    अब संभव नहीं महोत्सव का आयोजन

    लखनऊ महोत्सव का आयोजन अब नवंबर से पहले संभावित नहीं लग रहा है। फरवरी के बाद से बोर्ड एक्जाम शुरू हो जाएंगे और इसके बाद गर्मी और बारिश का मौसम। ऐसे में अब महोत्सव तय कैलेंडर के अनुसार ही होगा।