विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पूजा पर घर वापसी की होड़, पूर्वांचल और बिहार जाने के लिए लखनऊ से विशेष ट्रेनें और हर 10 मिनट में बसें

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:16 AM (GMT+05:30)

दीपावली के बाद छठ पूजा के लिए पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे ...और पढ़ें

दीपावाली के बाद पूर्वांचल और बिहार जाने वालों का बढ़ा दबाव, रेलवे ने चलाईं विशेष ट्रेनें। जागरण

दीपावाली के बाद पूर्वांचल और बिहार जाने वालों का बढ़ा दबाव, रेलवे ने चलाईं विशेष ट्रेनें। जागरण

HighLights

  1. दीपावली बाद छठ पूजा के लिए यात्रियों की भारी भीड़।

  2. रेलवे ने पूर्वांचल-बिहार के लिए विशेष ट्रेनें चलाईं।

  3. यूपी रोडवेज ने 950 बसें चलाकर राजस्व बढ़ाया।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। दीपावली पर पंच पर्व मनाया जा रहा है, छठ पूजा पर घर पहुंचने की अब होड है। रेलवे और बस स्टेशनों पर दोपहर बाद से भीड़ उमड़ने लगी है। चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह से ही यात्रियों की भीड़ रही। पूर्वांचल व बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी दिखी।

प्रमुख ट्रेनों के जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं रही। दरवाजों और गलियारों में यात्रियों की भीड़ के चलते धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। परिवार और सामान के साथ स्टेशन पहुंचे लोग ट्रेनों में जैसे तैसे सवार हुए।

गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज, कासगंज, आगरा, झांसी, मेरठ और हापुड़ की ओर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव अधिक रहा। वहीं, दीपावली मनाकर काम पर लौटने वालों की भी भीड़ सुबह से स्टेशनों पर रही। हालांकि, भैया दूज के चलते बुधवार को भी यात्रियों की भीड़ रहेगी। आरपीएफ चारबाग थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार गुरुवार से छठ पूजा के लिए घर जाने वाले यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

प्लेटफार्म से होल्डिंग एरिया तक निगरानी
भीड़ नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तैनात की गई हैं। प्लेटफार्मों पर लगातार निगरानी के साथ यात्रियों को अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी जाती रही। आरक्षण केंद्र के पास होल्डिंग एरिया बनाया गया है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भी सुरक्षा बलों की टीमें नजर रख रही हैं।

टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए टिकट वेंडिंग मशीनों का संचालन किया गया। चारबाग और लखनऊ जंक्शन समेत प्रमुख स्टेशनों की निगरानी दोनों मंडलों के डीआरएम कार्यालय में बने वार रूम से की गई।

पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी भी लगातार अपडेट लेते रहे। लखनऊ जंक्शन आरपीएफ थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि लखनऊ-गोरखपुर इंटरसिटी में सबसे अधिक भीड़ रही।

मुंबई और बिहार के लिए विशेष ट्रेनें
त्योहार के बाद यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। मंगलवार को लखनऊ से मुंबई के लिए विशेष ट्रेन रवाना की गई। यह ट्रेन रात 9:45 बजे लखनऊ से चलकर उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए 12 नवंबर को सुबह 3:35 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04684 लुधियाना-समस्तीपुर एक तरफा अनारक्षित विशेष ट्रेन 10 नवंबर को रात आठ बजे पंजाब से रवाना होगी। यह सहारनपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और बरेली होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद गोरखपुर और मुजफ्फरपुर के रास्ते समस्तीपुर जाएगी।

परिवहन निगम लखनऊ चला रहा 950 बसें
पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने भी तैयारी की है। लखनऊ गोरखपुर क्षेत्र से समस्तीपुर, पटना, आजमगढ़, बस्ती, मीरजापुर और देवरिया समेत विभिन्न रूटों पर 950 बसें संचालित की जा रही हैं। यात्रियों के लिए हर 10 मिनट में बस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि दीपावली से छठ पूजा तक यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें- UP Weather Today: धूप के साथ ठंड की दस्तक, लखनऊ में आज और कल कोहरे का अलर्ट


चार दिन में रोडवेज की कमाई 8.23 प्रतिशत बढ़ी
दीपावली के दौरान रोडवेज की आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। छह से नौ नवंबर के बीच परिवहन निगम को 661.94 लाख रुपये का राजस्व मिला, जबकि 2025 में इसी अवधि में 611.60 लाख रुपये की आय हुई थी। इस तरह 50.34 लाख रुपये यानी 8.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। आठ नवंबर को दीपावली के दिन सबसे अधिक 251.50 लाख रुपये की आय हुई। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 3.94 लाख यात्रियों ने बसों से सफर किया, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 3.55 लाख थी।

यात्रियों की संख्या में करीब 10.99 प्रतिशत की वृद्धि हुई। आगरा क्षेत्र में सर्वाधिक 43.39 प्रतिशत राजस्व वृद्धि दर्ज की गई, जबकि कानपुर में 3.29 और लखनऊ क्षेत्र में 4.70 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में भैया दूज और छठ पूजा पर भी 24 घंटे मिलेगी बिजली, पावर कॉरपोरेशन का फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।