Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Chhath Puja 2022: विदेश और विदेशियों में भी छठ पर्व लोकप्रिय, श्रृद्धा और आस्था के साथ मनाते हैं पर्व

    Chhath Puja Getting Popular in Foreign and Foreigners आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में नदी के तट पर उन्होंने छठ पर्व को परंपरा के साथ मनाया। बड़ी संख्या में आस्ट्रेलिया की महिलाएं भी थीं। इनमें भारतीय मूल की कुछ महिलाओं के साथ आस्ट्रेलियन भी थीं।

    By Dharmendra PandeyEdited By: Updated: Tue, 01 Nov 2022 01:56 PM (IST)
    Hero Image
    Chhath Puja Getting Popular in Foreign and Foreigners:

    लखनऊ, जेएनएन। भारत में जड़ गहरी करने के बाद लोक आस्था का पर्व छठ अब विदेश तक पहुंच गया है। भारत में भी आने वाले विदेशी इस पर्व को पूरी श्रृद्धा के साथ मनाते हैं। बीते दिनों चार दिवसीय इस पर्व के विभिन्न रूप देखने को मिले हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छठ पर्व बिहार के साथ उत्तर प्रदेश की सीमा लांघ कर देश में ही नही, बल्कि विदेश में भी पहचान बना रहा है। भारत में आने वाले विदेशी भी इस पर्व को पूरी आस्था तथा श्रृद्धा के साथ मनाते हैं।

    विख्यात लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी दीपावली से पहले से आस्ट्रेलिया में हैं। उन्होंने आस्ट्रेलिया में दीपावली के साथ छठ पर्व को भी काफी धूमधाम से मनाया। उन्होंने कहा कि सूर्यदेव की कृपा से छठ का पर्व विदेशों में भी हमारे भाई बहन धूमधाम से मना रहे है।

    आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में नदी के तट पर पहुंच उन्होंने छठ पर्व को परंपरा के साथ मनाया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में आस्ट्रेलिया की महिलाएं भी थीं। इनमें भारतीय मूल की कुछ महिलाओं के साथ आस्ट्रेलियन भी थीं। उन्होंने कहा कि नदी के तट पर आकर कर मीलों की दूरी जैसे अदृश्य हो गई। लोक आस्था और सनातन संस्कृति का दिव्य सूर्य भरतवंशियों के मस्तक पर दमक रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पर भी हमारी माताएं-बहनें छठ का पर्व अत्यंत श्रद्धा से मनाती हैं।

    मालिनी अवस्थी ने कहा कि छठ पर्व की पहुंच अब केवल बिहार, उत्तर प्रदेश व अन्य हिन्दीभाषी राज्यों में ही नहीं बल्कि वहां तक भी है जो हिन्दी नहीं जानते। विदेश में भी छठ मनाया जाने लगा है। सनातनी तीज-त्यौहारों की चमक दमक के साथ उनको मनाने का उल्लास हर किसी को भी अपनी ओर आकर्षित करता है। इसमें भी पश्चिमी देश भारत के इन पर्वों के प्रति हमेशा जिज्ञासु रहते हैं।

    गोरखपुर में जर्मन महिला ने मनाया छठ

    गोरखपुर में जर्मन महिला भारतीय पति के साथ छठ पूजा उत्सव में शामिल हुई। यह परिवार 12 वर्ष से स्विट्जरलैंड में रह रहा है। यह परिवार भारत भ्रमण पर आया है। 31 अक्टूबर को इस परिवार ने गोरखपुर में पूरे विधि विधान से छठ की पूजा की। विक्टोरिया नाम की इस महिला की शादी गोरखपुर के शुभम अग्रवाल से हुई है। इतना ही नहीं विक्टोरया और शुभम ने हिंदू और जर्मन रीति-रिवाज से शादी की थी।

    सोमवार को दोनो ने गोरखपुर के सूर्यकुंड धाम में पूरे विधि विधान से छठ व्रत किया और पूजा-अर्चना की। पूजा करने के लिए विक्टोरिया ने एक काले रंग का सलवार सूट पहना था, जिसे उन्होंने चमकीले गुलाबी दुपट्टे और बिंदी के साथ जोड़ा था। भारत में छठ मनाने के अपने अनुभव के बारे में विक्टोरिया ने कहा कि मैं वास्तव में इसका आनंद ले रही हूं और मैं बहुत खुश हूं कि मैंने इस त्योहार को अपने पति के साथ यहां भारत में मनाया।