गोरखपुर व बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को नहीं मिली सीट, टॉयलेट के पास यात्रा करने पर मजबूर
छठ महापर्व पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखी गई, जिससे यात्रियों को खड़े होकर या शौचालय के ...और पढ़ें

HighLights
शुक्रवार को लखनऊ होकर गुजरने वाली 16 त्योहार विशेष ट्रेनों में यही स्थिति देखने को मिली
दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान की ओर से बिहार जा रही ट्रेनों में जनरल कोच इस कदर भरे थे
जागरण संवाददाता, लखनऊ। छठ महापर्व पर घर पहुंचने के लिए यात्री परेशान दिखे। बिहार जाने वाली ट्रेनों में जनरल कोच से लेकर स्लीपर तक पैर रखने की जगह नहीं बची थी। यात्रियों को शौचालय के पास की गैलरी और दरवाजों पर खड़े होकर सफर करना पड़ा। शुक्रवार को लखनऊ होकर गुजरने वाली 16 त्योहार विशेष ट्रेनों में यही स्थिति देखने को मिली।
दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान की ओर से बिहार जा रही ट्रेनों में जनरल कोच इस कदर भरे थे कि दो सीटों के बीच की जगह भी यात्रियों से पट गई। शौचालय तक में सामान रखकर लोग सफर करने को मजबूर दिखे। लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली गंगा-गोमती एक्सप्रेस, बनारस जाने वाली वरुणा एक्सप्रेस और प्रयागराज-मीरजापुर होकर सोनभद्र जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस भी जनरल से स्लीपर तक ठसाठस भरी रहीं।
त्रिवेणी एक्सप्रेस में जनरल कोच पहले से ही फुल था। इसके बाद चढ़े यात्रियों को गेट और शौचालय के पास की गैलरी में खड़े होकर सफर करना पड़ा। लखनऊ जंक्शन से बरौनी जाने वाली ट्रेन में भी यात्रियों की भारी भीड़ रही। खासकर जनरल के आखिरी दो कोच में हालात ज्यादा खराब थे। कई यात्री खड़े होकर तो कुछ पायदान पर बैठकर सफर करते दिखे। प्लेटफार्म से ट्रेन रवाना होने के दौरान आरपीएफ ने पायदान पर बैठे यात्रियों को हटाया, लेकिन ट्रेन खुलते ही फिर कई यात्री उसी जगह बैठ गए।
ट्रेनों में भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यात्रियों ने सीट बचाने के लिए अपनी जगह तक छोड़ना उचित नहीं समझा। हरियाणा से बिहार के मानसी जा रहे संदीप मंडल ने बताया कि वह बल्लभगढ़ स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। बड़ी मुश्किल से खिड़की के पास सीट मिली। 12 घंटे से सफर कर रहे हैं, लेकिन सीट छोड़कर कहीं नहीं गए।
यह भी पढ़ें- लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रैवलर-ट्रक की भिड़ंत, 13 यात्री घायल; अयोध्या से आगरा जा रही थीं सवारियां
शौचालय तक में लोग भरे हैं। ऐसे में ज्यादा पानी पीने और खाना खाने से भी परहेज कर रहे हैं। दिल्ली से दरभंगा जा रही पूजा विशेष ट्रेन में सफर कर रहे सुदेश ने ट्रेन के निर्धारित समय पर संचालन की मांग एक्स पर की। उन्होंने बताया कि बिहार जाने के लिए आठ घंटे से खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।