विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Census 2027: स्वगणना शुरू, घर बैठे करें परिवार के सदस्यों की गिनती, 30 नवंबर तक मौका

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:01 PM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2026 10:07 PM (IST)

जनगणना-2027 के लिए स्वगणना सुविधा शुरू हो गई है, जिससे परिवार घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से 30 नवंबर तक अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. जनगणना-2027 के लिए स्वगणना सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध।

  2. मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे परिवार की जानकारी दर्ज करें।

  3. स्वगणना के बाद 11 अंकों की विशिष्ट पहचान संख्या मिलेगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जनगणना-2027 में अपने परिवार का ब्योरा दर्ज कराने के लिए आपको गणनाकर्मी के घर आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से अपने परिवार की जनगणना खुद कर सकते हैं। इसके लिए सोमवार से स्वगणना की सुविधा शुरू हो गई है।

30 नवंबर तक जनगणना पोर्टल पर परिवार का कोई भी सदस्य आनलाइन 40 सवालों के जवाब भरकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है। इससे न केवल अपनी सुविधा के अनुसार जानकारी दर्ज करने का मौका मिलेगा, बल्कि परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भी एक जगह भर सकेंगे।

स्वगणना के बाद मिलेगी 11 अंकों की विशिष्ट पहचान संख्या

स्वगणना पूरी होने पर पोर्टल से पी अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (एसई आइडी) मिलेगी। इसे संभालकर रखना और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ साझा करना जरूरी है।

एक दिसंबर से जब गणनाकर्मी घर पहुंचेगा तो इस पहचान संख्या के जरिये परिवार की ओर से आनलाइन भरी गई जानकारी प्राप्त कर सकेगा। इसके बाद गणनाकर्मी के स्तर पर सत्यापन होने पर ही जनगणना की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।

जनगणना निदेशक शीतल वर्मा के अनुसार, स्वगणना करते समय घर के वास्तविक स्थान की सही लोकेशन दर्ज करना बेहद जरूरी है। स्वगणना वैकल्पिक सुविधा है। जो परिवार आनलाइन जानकारी नहीं भरेंगे, उनके यहां भी गणनाकर्मी निर्धारित समय पर पहुंचेंगे और मोबाइल एप के माध्यम से सवालों के जवाब दर्ज करेंगे। इसलिए स्वगणना न करने पर भी कोई परिवार जनगणना से छूटेगा नहीं।

ऐसे पूरी करें स्वगणना की प्रक्रिया

  • सबसे पहले (se.census.gov.in) पोर्टल खोलें और उत्तर प्रदेश का चयन करें।
  • अपनी पसंद की भाषा चुनें। मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज कर आगे बढ़ें।
  • ओटीपी को दर्ज कर सत्यापन करें। मोबाइल नंबर जनगणना के पहले चरण के दौरान दिए गए नंबर से मेल खाना चाहिए।
  • परिवार के निवास स्थान का सत्यापन करें। घर पर मौजूद रहते हुए मोबाइल की करंट लोकेशन का इस्तेमाल करें।
  • निवास स्थान का विवरण भरें और परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी दर्ज करें।
  • प्रत्येक सदस्य का विवरण भरने के बाद सदस्य का विवरण सहेजें विकल्प पर क्लिक करें।
  • सभी सदस्यों के सवालों के जवाब भरने के बाद परिवार की पूरी जानकारी की समीक्षा करें।
  • अंतिम रूप से जानकारी सबमिट करने के बाद उसमें संशोधन नहीं किया जा सकेगा।

40 सवालों में मांगी जाएगी परिवार की पूरी जानकारी

  • स्वगणना की प्रश्नावली में परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़ी अलग-अलग जानकारियां दर्ज होगी। इसमें नाम, परिवार में सदस्य का संबंध और लिंग।
  • जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, पति-पत्नी की जानकारी और घोषित राष्ट्रीयता सहित जनसांख्यिकीय विवरण।
  • धर्म, जाति, माता-पिता और दिव्यांगता से संबंधित जानकारी।
  • मातृभाषा, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शिक्षा का विवरण।
  • आर्थिक गतिविधि, काम की स्थिति, काम की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग, कामगार वर्ग और गैर-आर्थिक गतिविधियों की जानकारी।
  • प्रवासन, अंतिम जन्म स्थान, वर्तमान निवास, निवास बदलने का कारण, वहां रहने की अवधि और स्थायी पते का विवरण।
  • प्रजनन संबंधी जानकारी, जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे बच्चों और पिछले वर्ष जन्मे बच्चों का ब्योरा।
  • कोविड टीकाकरण, बैंक खातों की संख्या और मोबाइल, आधार, वोटर आइडी, पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी।

पहले चरण में 47 लाख परिवारों ने की थी स्वगणना

जनगणना के पहले चरण में भी स्वगणना की सुविधा दी गई थी। उस दौरान सात से 21 मई तक 47 लाख परिवारों ने आनलाइन अपने परिवार की जानकारी दर्ज की थी। पहले चरण में करीब छह करोड़ घरों की गणना की गई थी। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक गणनाकर्मियों ने घर-घर जाकर 33 सवालों के माध्यम से जानकारी जुटाई थी।

यह भी पढ़ें- जनगणना-2027 का पहला चरण स्वगणना आज से, परिवार के प्रत्येक सदस्य से पूछे जाएंगे 40 प्रश्न

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में स्वगणना का शुभारंभ रविवार से, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे शुरुआत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।