यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लखनऊ में फिर गरजा बुलडोजर, LDA की कार्रवाई पर लोगों ने किया विरोध; बोले- ये हमारी पुश्तैनी जमीन
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने घंटाघर के पास हुसैनाबाद क्षेत्र में एक अवैध कब्जे को हटाया जिसका विरोध स्थानीय लोगों ...और पढ़ें

HighLights
- कुछ लोगों ने किया कार्रवाई का विरोध, कहा- ये हमारी पुश्तैनी जमीन है
- एलडीए का दावा- कोई अभिलेख नहीं दिखा पाए विरोध करने वाले लोग
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम ने घंटाघर के पास हुसैनाबाद क्षेत्र में शनिवार रात एक अवैध कब्जे को हटवाया। इस प्रकरण में एक पूर्व एमएलसी का नाम भी घेरे में आया है। हालांकि, एलडीए के अधिकारी ऐसी कोई जानकारी होने से इन्कार कर रहे हैं।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा का कहना है कि हम अवैध निर्माण की सूचना पर कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन हमने कागजात मांगे तो वह कुछ नहीं दिखा पाए। अगर सोमवार को कागजात दिखाएंगे तो फिर कोई निर्णय लिया जाएगा।
एलडीए की कार्रवाई का लोगों ने जमकर किया विरोध
एलडीए ने हुसैनाबाद में फूड कोर्ट आदि बनवाया है। वहीं पर करीब पांच हजार स्कवायर फीट जमीन पर अवैध कब्जे की सूचना थी। इसी को देखते हुए एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में टीम अतिक्रमण हटाने गई थी। टीम पहुंची तो कुछ लोगों ने वहां पर विरोध करना शुरू कर दिया। तौहीद नाम के व्यक्ति ने जमीन को पुश्तैनी बताया। कहा, पहले जमीन खाली थी।
बाद में कुछ लोग यहां पर झोपड़ी डालकर रहने लगे थे। उनसे जमीन को खाली कराया गया। इसके बाद चारदीवारी का निर्माण कराकर टिनशेड लगाया गया। यह जमीन हमारी है। उसने एक पूर्व एमएलसी को अपना रिश्तेदार भी बताया। रिजवान ने बताया कि जमीन उनके पूर्वजों की है। हमारे पास 1862 का लेखा और वर्तमान के सारे अभिलेख हैं।
.jpg)
घंटाघर पार्क में हो रहे निर्माण को रुकवाया
अमीनाबाद के घंटाघर पार्क (मंदिर) में हो रहे अवैध निर्माण को नगर निगम के कर्मचारियों ने पुलिस की मदद से रुकवा दिया। इंस्पेक्टर अमीनाबाद सुनील अजाद ने बताया कि सुगनामल साड़ी के सामने राघा किशन काली मंदिर में अवैध निर्माण हो रहा था। पूर्व में हुए अवैध निर्माण को नगर निगम ने गिरा दिया था। सूचना मिली कि वहां पर फिर से अवैध निर्माण करवा कर दुकानें बनाकर बेचने की तैयारी थी। इंस्पेक्टर ने कहा कि सभी को दस्तावेज के साथ सोमवार को बुलाया गया है।
अतिक्रमण पर चला नगरपालिका का बुलडोजर
वहीं बहराइच में भी बुलडोजर कार्रवाई हुई है। शहर में अतिक्रमण के चलते सकरे हो चुके रास्तों पर चलना मुहाल है। शनिवार देर शाम नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण कर किए गए निर्माण कार्य को धराशायी करने के लिए पालिका प्रशासन का बुलडोजर चला।
अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका बहराइच प्रमिता सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन से लेकर अस्पताल चौराहे के बीच सड़क किनारे बनी पटरियों पर लोगों ने कब्जा कर अतिक्रमण फैला रखा था। इससे आवागमन में समस्या हो रही थी। प्रतिदिन जाम लगने लगा था। इस संबंध में क्षेत्र के लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण कर बनाई गई लगभग 80 दुकानों को मौके से हटवा दिया गया है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि पुन: अतिक्रमण होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
