डॉ. श्यामा प्रसाद की जयंती पर आज बूथ स्तर पर कार्यक्रम करेगी BJP, 9 जुलाई को होगा पौधरोपण
UP News | UP Lucknow News | लखनऊ में भाजपा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती बूथ स्तर पर मनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया। 9 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जाएगा जिसमें पौधरोपण किया जाएगा। 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर धर्माचार्यों और गुरुजनों को सम्मानित किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश भाजपा रविवार को पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करेगी।
इस कार्यक्रम के संबंध में शनिवार को वर्चुअल बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र प्रथम की भावना को सबसे आगे रखते हुए राष्ट्रसेवा व जनसेवा के लिए समर्पण के भाव के साथ कार्य करना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा पार्टी ने जो भी कार्यक्रम और अभियान तय किए हैं उन्हें सफल बनाने के लिए हम सबको संगठन की योजनाओं के अनुसार कार्य करना है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि रविवार को प्रदेश में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
नौ जुलाई को पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जाना है जिसमें प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता आम लोगों को साथ लेकर पौधरोपण करें। पार्टी कार्यकर्ता दस जुलाई को गुरुपूर्णिमा के अवसर पर धर्माचार्यों, साधु-संतों, गुरुजनों तथा कथा वाचकों को सम्मानित करेंगे।
उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी पार्टी पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस वर्चुअल बैठक से प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष जुड़े हुए थे। संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।