भाजपा के गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप निष्कासित, आपत्तिजनक वीडियो मामले में 25 दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई
भाजपा ने गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई पार्टी कार्यालय में एक महिला के साथ उनके आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होने के बाद की गई है। कारण बताओ नोटिस के बावजूद संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष ने यह कदम उठाया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा ने गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। गोंडा के जिलाध्यक्ष का एक महिला के साथ पार्टी कार्यालय में आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इस मामले में प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने 25 मई को उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया था। जिलाध्यक्ष की ओर से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है। भाजपा ने अश्लीलता व आपत्तिजनक वीडियो के मामले में 25 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की है।
प्रदेश महामंत्री ने निष्कासन आदेश जारी करते हुए लिखा...''आप द्वारा भेजा गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं है। आपका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आपको तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।'' गोंडा के जिलाध्यक्ष का इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो खूब प्रचारित हुआ था जिसमें वे जिला कार्यालय में महिला कार्यकर्ता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे थे। पार्टी के जिले के एक कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष से की थी।
कारण बताओ नोटिस मिलने के बाद जिलाध्यक्ष ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से भी प्रदेश मुख्यालय में मुलाकात करने की कोशिश की थी किंतु उन्होंने मिलने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद जिलाध्यक्ष ने लिखित उत्तर पार्टी को भेजा था।
इससे पहले भी महिला डांसर के साथ अश्लील हरकत करने वाले बलिया के भाजपा नेता बब्बन सिंह रघुवंशी को पार्टी ने 15 मई को निष्कासित कर दिया था। अब गोंडा के जिलाध्यक्ष पर कार्रवाई का चाबुक चला है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अनुशासनहीनता किसी की भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो गलत कार्यों में लिप्त हैं उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।