Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी पंचायत चुनाव में बीजेपी ने उम्मीदवार चयन के लिए तय की गाइडलाइन, पार्टी पदाधिकारियों के चुनाव लड़ने पर लगाई यह शर्त...

    By Umesh TiwariEdited By:
    Updated: Wed, 31 Mar 2021 02:44 PM (IST)

    UP Panchayat Chunav 2021 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव में प्राथमिकता अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाने की है। इसलिए क्षेत्रीय व जिला संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को टिकट न देकर कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारने का फैसला लिया गया।

    Hero Image
    उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में बीजेपी ने जिताऊ उम्मीदवारों के चयन के लिए गाइडलाइन तय कर दी है।

    लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष या महामंत्री चुनाव लड़ना चाहेंगे तो उन्हें अपने पद से त्यागपत्र देना होगा। जिला पंचायत के सदस्य पदों पर फोकस करते हुए मैदान में उतरी भाजपा ने जिताऊ उम्मीदवारों के चयन के लिए गाइडलाइन तय कर दी है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम और द्वितीय चरण के उम्मीदवारों का चयन करने के लिए जिलों में बैठकों का सिलसिला शुरू है। जिलों से आने वाली संभावित उम्मीदवारों की सूची क्षेत्रीय कार्यालय में छंटनी कर प्रदेश मुख्यालय को भेजी जाएगी, जहां से 3051 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए समर्थित उम्मीदवारों की सूची जारी होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव में पार्टी की प्राथमिकता अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाने की है। इसलिए क्षेत्रीय व जिला संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों, जैसे अध्यक्ष व महामंत्री को टिकट न देकर कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारने का फैसला लिया गया। पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए नियुक्त किए संयोजक व सहसंयोजकों पर भी यह शर्त लागू होगी। विधायकों व सांसदों से भी कहा गया है कि अपने स्वजन को चुनाव लड़वाने की बजाए आम कार्यकर्ताओं को मौका दें। इससे स्थानीय स्तर पर सक्षम कार्यकर्ताओं की टीम तैयार होगी और संगठन को ताकत भी मिलेगी।

    सामाजिक संतुलन का रखेंगे ध्यान : प्रत्याशी चयन के लिए स्थानीय स्तर पर सामाजिक संतुलन का भी ध्यान रखा जाएगा। टिकट वितरण में प्रत्याशी की छवि, समर्पण और क्षमता का आकलन करने के साथ सभी वर्गों को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। अन्य पिछड़ों के साथ युवाओं व महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष व पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने बताया कि प्रत्याशियों का चयन चरणवार किया जाएगा।

    नामांकन में होगा शक्ति प्रदर्शन : जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों का नामांकन कराते समय समर्थकों की भीड़ जुटाई जाएगी। सभी स्थानीय नेताओं व जनप्रतिनिधियों को नामांकन कराने के समय अपने जिलों में ही मौजूद रहने के निर्देश दिए गए है। नामांकन कराते समय मंत्री व सांसद भी उपस्थित रहेंगे।