Lucknow: पांच लाख वोटर के नाम मतदाता सूची से गायब, भाजपा विधायक ने चुनाव आयोग को भेजा पत्र
Lucknow News स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नगर निगम और नगर पंचायतों की मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन। कल से दर्ज करा सकते हैं आपत्तियां बीस को होगा अंत ...और पढ़ें

लखनऊ, जागरण संवाददाता। स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूची का अनतिम प्रकाशन कर दिया गया है। सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सूची तो प्रकाशित हो गई लेकिन इसको लेकर विरोध और तेज हो गया है। बख्शी का तालाब से भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने मतदाता सूची को लेकर निर्वाचन कार्यालय के अफसरों को कटघरे में खड़ा किया है।
अब सभी का वोट सूची में शामिल होना संभव नहीं
विधायक का कहना है कि नगर निगम के विस्तारित क्षेत्रों के करीब पांच लाख की आबादी मतदाता सूची से नदारद हैं। कम समय में अब सभी के वोट सूची में शामिल हो पाना संभव नहीं है इसलिए और समय दिया जाए। चुनाव आयुक्त को भेजे पत्र में विधायक ने लिखा है कि सीमा विस्तार के तहत 88 गांवों को शामिल किया गया था। 2015 में इन ग्राम पंचायतों में चुनाव के दौरान उतने ही क्षेत्र में सूची बनाई गई थी जहां पर चुनाव होना था।
कई पार्षदों नेभी की है आयोग से शिकायत
गत वर्षों में विस्तार क्षेत्रों में अधिक आबादी का विस्तार हुआ है। लेकिन इन गांवों के अतिरिक्त पूरे विस्तार क्षेत्र में एक भी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं किया गया है। इस तरह की करीब पांच लाख की आबादी है जो सूची में नहीं है। मतदाता सूची को लगातार सवाल उठ रहे हैं। कई पार्षद भी मतदाता सूची को लेकर आयोग से शिकायत कर चुके हैं।
निकाय चुनाव में वोट करेंगे 27 लाख मतदाता
निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी सूची के मुताबिक नगर निगम के कुल 110 और दस नगर पंचायतों में वोटरों की कुल संख्या 2744895 है। इनमें नगर निगम में 2564138 है जबकि नगर पंचायतों में मतदाताओं की संख्या 180755 है। इस तरह पुनरीक्षण के दौरान नगर निगम में 35556 वोटर बढ़े जबकि नगर पंचायतों में 23960 मतदाता नए जुड़े। अगर 2017 चुनाव से सूची का मिलान करें तो करीब 240573 वोटर इस बार बढ़े हैं। गत चुनाव में नगर निगम मतदाता सूची में कुल 2323356 मतदाता थे। इसी तरह नगर पंचायतों में 64798 मतदाता नए जुड़े हैं। वहां पिछले चुनाव में 115959 वोटर थे।
कहां कितने वोटर
- अमेठी 12835
- इटौंजा 6316
- काकोरी 18164
- गोसाईगंज 8476
- नगराम 9448
- बीकेटी 53458
- मलिहाबाद 21675
- महोना 6963
- मोहनालगंज 25354
- बंथरा 18068
सूची पर सात नवंबर तक कर सकते हैं आपत्ति
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक सात नवंबर तक मतदाता सूची पर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। मतदाता सूची नगर निगम, नगर पंचायत कार्यालयों और कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में देखी जा सकती है। अगर किसी को अपना नाम शामिल करना है या किसी तरह का संशोधन कराना है तो संबंधित मतदान केद्रों पर बीएलओ के सामने आवेदन कर सकते हैं। बीस नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।