Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सांसद रीता बहुगुणा जोशी की आपत्ति पर भाजपा से निकाले गए पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू, 6 दिन पहले ली थी सदस्यता

    By Umesh TiwariEdited By:
    Updated: Wed, 11 Aug 2021 08:49 AM (IST)

    भाजपा सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपित पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की सदस्यता निरस्त कर दी गई है। पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को लेकर रीता बहुगुणा जोशी ने आपत्ति जताई थी

    Hero Image
    भाजपा सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपित जितेंद्र सिंह बबलू की सदस्यता निरस्त कर दी गई।

    लखनऊ, जेएनएन। भाजपा सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपित पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की सदस्यता निरस्त कर दी गई है। महज छह दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए बसपा के दागी पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को लेकर रीता बहुगुणा जोशी ने आपत्ति जताई थी। पिछले दिनों लखनऊ आए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर रीता जोशी ने इस मामले को रखा। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बबलू की सदस्यता रद कर दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा की ही सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपित पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को गले लगाकर पार्टी नेताओं ने अपनी किरकिरी करा ली। पार्टी विद डिफरेंस की नीति पर सवाल खड़े हुए, सांसद ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर आपत्ति जताई, तब जाकर कार्रवाई की गई।

    अयोध्या के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू बसपा छोड़कर चार अगस्त को भाजपा में शामिल हुए थे। उनके गले में भगवा गमछा पड़ते ही मामला गर्मा गया क्योंकि 15 जुलाई, 2009 में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने की घटना के आरोपितों में बबलू भी शामिल हैं। मुकदमा चल रहा है। रीता अब भाजपा की सांसद हैं। मामला चर्चित है। इसके बावजूद दागी पूर्व विधायक को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता दिला दी गई।

    सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने उसी दिन दिल्ली से बयान जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी। कड़े शब्द नहीं बोले, लेकिन पीड़ा जाहिर करते हुए कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने मामला उठाएंगी। मामला तूल पकड़ चुका था, तब भी पार्टी ने तुरंत कोई निर्णय नहीं लिया। माना जा रहा है कि बबलू को भाजपा में लाने वाला मध्यस्थ प्रभावशाली रहा होगा मगर, गत दिवस राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के लखनऊ प्रवास पर आए। लखनऊ में आयोजित बैठक में शामिल होने सांसद रीता बहुगुणा भी पहुंचीं। उन्होंने बबलू को भाजपा में शामिल कराए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। जेपी नड्डा के दखल के बाद ही मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष ने बबलू की सदस्यता रद की है।

    भाजपा ने बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को पार्टी में शामिल किया था, जो कि भाजपा सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपित हैं। पिछले बुधवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बबलू भी भाजपा की सदस्यता लेने वालों में शामिल थे। उनके मंच पर आते ही चर्चा शुरू हो गई कि 15 जुलाई, 2009 की रात को सांसद रीता बहुगुणा जोशी के हुसैनगंज स्थित आवास को कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर जला दिया था। उसमें जितेंद्र सिंह बबलू भी आरोपित थे। सीबीसीआइडी को जांच सौंपी गई। चार्जशीट लग चुकी है और मुकदमा अभी भी ट्रायल में है।

    comedy show banner
    comedy show banner