Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Politics: भाजपा के इन दो पूर्व नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी, सात दिनों में देना है जवाब

    Updated: Thu, 21 Aug 2025 02:53 PM (IST)

    भाजपा ने कानपुर देहात में आंतरिक कलह शांत करने हेतु पूर्व सांसद प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ल वारसी समेत दो पूर्व जिलाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस दिया है। उन पर कार्यकर्ताओं को जाति के आधार पर बांटने और खनन माफिया को संरक्षण देने के आरोप हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

    Hero Image
    भाजपा के पूर्व सांसद व पूर्व जिलाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा ने कानपुर देहात में चल रही अंर्तकलह को शांत करने के लिए पूर्व सांसद व महिला कल्याण राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ल वारसी सहित दो पूर्व जिलाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस दिया है।

    इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी व मनोज शुक्ला शामिल हैं। इन सभी को सात दिनों में भाजपा प्रदेश कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्व जिलाध्यक्षों ने सोमवार 18 अगस्त को राज्यमंत्री व उनके पति के खिलाफ प्रेस कान्फ्रेंस कर मोर्चा खोला था। उन्होंने वारसी पर कार्यकर्ताओं को जाति के आधार पर बांटने व खनन माफिया को संरक्षण देने के आरोप लगाए थे। उन्होंने पार्टी में अंदरूनी व बाहरी नेताओं का मुद्दा उठाते हुए जिले में मौजूदा चारों विधायकों को भ्रष्ट भी बताया था।

    इससे पहले प्रतिभा शुक्ला व अनिल शुक्ल अकबरपुर के भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले पर कई आरोप लगा चुके हैं। 25 जुलाई को दोनों ने अकबरपुर कोतवाली में धरना भी दिया था। उस समय भोले ने तो कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की थी किंतु जिन नेताओं ने प्रेस कांन्फ्रेंस की, उन्हें सांसद गुट का ही माना जाता है।

    आपसी कलह व गुटबाजी शांत करने के लिए पार्टी ने तीनों नेताओं को गुरुवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल ने जारी नोटिस में कहा है कि...''आपके विरुद्ध इंटरनेट मीडिया व मीडिया में पार्टी आचरण के विपरीत गतिविधियों एवं वक्तव्यों की जानकारी प्राप्त हुई है, जो कि पार्टी के विचारों के प्रतिकूल है।

    आप द्वारा किया गया कृत्य गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसका संज्ञान लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। आप अपना स्पष्टीकरण सात दिनों के अंदर भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपलब्ध कराने का कष्ट करें, समय से स्पष्टीकरण एवं संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर आप पर पार्टी द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।''