UP Panchayat Elections 2026 में ब्राह्मण वोट बैंक पर BJP की पैनी नजर, ब्रजेश पाठक को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा आगामी चुनावों के लिए ब्राह्मण समुदाय को साधने में जुट गई है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस अभियान की कमान संभाली है। वह सजातीय नेताओं के साथ संवाद कर रहे हैं और विरोधियों के हमलों का जवाब दे रहे हैं। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने उन्हें प्रदेश संरक्षक मनोनीत किया। पाठक ने ब्राह्मण समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में सज रही चुनावी बिसात पर भाजपा ने अन्य जातियों को साधने के साथ ब्राह्मणों में भी पैठ बनाए रखने को कसरत तेज कर दी है। सरकार का ब्राह्मण चेहरा कहे जाने वाले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक इसकी कमान संभाले हुए हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव सहित अन्य विरोधियों के वार पर पलटवार करने के साथ सजातीय नेताओं संग नियमित संवाद की कसरत चल रही है। इससे पहले वह बसपा की सोशल इंजीनियरिंग में ब्राह्मण समाज का समर्थन पाने में भी भूमिका निभा चुके हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव और उससे पहले होने वाले पंचायत चुनावों के लिए ब्राह्मण वोट बैंक में हिस्सेदारी की भी होड़ मची है। पीडीए का नारा बुलंद करने वाली सपा की निगाह भी इस समाज पर है। ऐसे में भाजपा भी कोई जोखिम लेने के तैयार नहीं।
विरोधियों के दांव की हर काट की रणनीति पर काम हो रहा है। मंगलवार को उप मुख्यमंत्री अपने आवास पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की साधारण सभा में शामिल हुए। महासभा, परशुराम सेना और महिला ब्राह्मण सभा के प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों ने उनको सर्वसम्मति से प्रदेश संरक्षक मनोनीत किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ब्राह्मण समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। किसी को कोई भी समस्या हो, उसके लिए मैं सदैव उपस्थित मिलूंगा।
इस दौरान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डा. केसी पांडेय ने ब्राह्मण कल्याण बोर्ड और सवर्ण आयोग का गठन करने और परशुराम जयंती पर अवकाश घोषित करने की मांग उठाई। डा. पांडेय दो दशक तक सपा में रह चुके हैं और वर्ष 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे।
सभा में महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शुक्ल, प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम बाबू मिश्र, राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. एसके शुक्ला, परशुराम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप पांडेय, महिला ब्राह्मण सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना चतुर्वेदी, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव पंडित पूर्णिमा पांडेय, गिरिजा त्रिपाठी, प्रशांत पांडेय, पंकज चतुर्वेदी, प्रद्दुम्न द्विवेदी, पीएस मिश्र, पन्नालाल गौतम, जगदीश कौशिक एडवोकेट, शिवशंकर दूबे, डा. अतुल दूबे आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।