लखनऊ के चार मंजिल होटल में बिजली चोरी: 16 AC, लिफ्ट-गीजर और TV कटिया डालकर चलते मिले
बिजली विभाग ने कनेक्शन काटकर दो लाख का जुर्माना लगाया है और लगभग 30 लाख रुपये का आकलन किया जाएगा, साथ ही अन्य स्थानों पर भी बिजली चोरी पकड़ी गई।

इसी होटल में पकड़ी बिजली चोरी।
HighLights
गोमती नगर में चार मंजिला होटल में बिजली चोरी पकड़ी गई
होटल 44 किलोवाट चोरी की बिजली से चल रहा था
विभाग ने कनेक्शन काटा, दो लाख जुर्माना, 30 लाख आकलन
जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोमती नगर में बिजली चोरी से चार मंजिला होटल चलते हुए पाया गया। बिजली विभाग के मुताबिक होटल परिसर में डॉ. आकाश कुमार सिंह के नाम बिजली कनेक्शन है। टीम ने मौके पर पाया कि 44 किलोवाट का कनेक्शन सीधे कटिया डालकर चलाया जा रहा था।
होटल के परिसर में 16 एयर कंडिशन चलते हुए पाए गए, लिफ्ट, गीजर, टीवी सब चोरी की बिजली से चल रहे थे। मौके पर टीम ने कनेक्शन काट दिया है और दो लाख का शमन शुल्क लगाया है।
16 एयर कंडिशन, लिफ्ट, गीजर, टीवी चलते हुए पाए गए, कनेक्शन काटा गया
अधिशासी अभियंता (रेड) चंद्रशेखर के मुताबिक बिजली लोड के हिसाब से 30 लाख के आसपास असेसमेंट बनेगा। गोमती नगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील कुमार गर्ग ने बताया कि बिजली चेकिंग अभियान को तेज कर दिया गया है। साथ ही बकाएदारों से बकाया धनराशि जमा करने को लगातार कहा जा रहा है।
44 किलोवाट की पकड़ी गई बिजली चोरी, 30 लाख का बनेगा असेसमेंट
उनके मुताबिक गोमती नगर के विभूति खंड स्थित पैलेशियल होटल में 44 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई है। इसी तरह विकल्प खंड में उपभोक्ता नितिन सक्सेना के परिसर में भी सात किलोवाट की वाणिज्यिक बिजली चोरी पकड़ी गई। वहीं विकल्प खंड में मनीष भदौरिया के परिसर में भी पांच किलोवाट की वाणिज्यिक बिजली चोरी पकड़ी गई। अभियंताओं ने तीनों बिजली चोरों के खिलाफ चोरी की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं अमौसी जोन में सात बिजली चोरों को पकड़ा गया।