ग्राउंड रिपोर्ट: अयोध्या में साख बचाने की जंग में BJP, लोकसभा की जीत दोहराने की कसरत में सपा
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद वैश्विक पहचान बढ़ी है, लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार ने राजनीतिक प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े किए हैं।

अयोध्या में राजनीतिक प्रतिष्ठा की ‘महाभारत’।
HighLights
राम मंदिर के बाद भी अयोध्या में भाजपा को मिली हार।
सपा लोकसभा की जीत को विधानसभा में दोहराने की तैयारी में।
भाजपा के सामने अयोध्या में राजनीतिक प्रतिष्ठा बचाने की चुनौती।
दिलीप शर्मा, अयोध्या/लखनऊ। राममंदिर निर्माण के बाद दुनिया में इसकी चमक बढ़ी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और कारोबार की नई संभावनाएं। बदलती तस्वीर के बीच अयोध्यावासी होने का नया अभिमान भी है, लेकिन साथ में पिछले लोकसभा चुनाव में सपा की जीत को राजनीतिक प्रतीक बनाने की टीस भी कहीं-कहीं दिखती है।
मंदिर आंदोलन के बाद लगातार तीन चुनाव भाजपा जीती थी, कांग्रेस के निर्मल खत्री ने वर्ष 2009 में उस क्रम को तोड़ा था। फिर वर्ष 2014 और 2019 के चुनाव में भाजपा के लल्लू सिंह जीते। वर्ष 2024 में आरक्षण और संविधान पर खतरे नेरैटिव के बीच सपा के अयोध्या प्रसाद ने भाजपा से यह सीट छीन ली थी।
इस जीत को सपा ने राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा के धार्मिक विमर्श के विरुद्ध जनादेश के प्रतीक के तौर पर पेश किया। अब भाजपा के सामने अयोध्या में राजनीतिक प्रतिष्ठा फिर स्थापित करने की चुनौती है तो सपा लोकसभा की सफलता को विधान सभा चुनाव में दोहराने की कसरत में जुटी है।
अयोध्या में 2027 की चुनावी ‘महाभारत’
मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत ने समीकरणों को और दिलचस्प बनाया है। फिलहाल राममंदिर के गौरव, लोकसभा चुनाव की टीस और उपचुनाव के बदले राजनीतिक संदेशों के बीच अयोध्या में वर्ष 2027 की चुनावी ‘महाभारत’ आकार ले रही है।
हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर एक दुकान के बाहर खड़े बुजुर्ग रामप्यारे शुक्ला गर्व से कहते हैं, अब अयोध्या को पूरी दुनिया जानती है। मंदिर बनने के बाद सबकी कमाई और साधन बढ़े हैं। सिविल लाइंस में चाय की दुकान चला रहे नीरज यादव कमाई, रोजगार और सम्मान बढ़ने की बात कही तो बुजुर्ग दिनेश निषाद तपाक से तंज किया कि लोकसभा चुनाव में कैसे हरा दिया? कोई बाहर जाता है तो लोग भी टोकते हैं कि कैसे हैं अयोध्या वाले?
शैलेष जायसवाल बोले कि सिर्फ मंदिर से वोट नहीं मिलता। शिकायतें और समीकरण भी काम करते हैं। अनूप शुक्ला का मानना है कि परिणाम को राजनीतिक उदाहरण बनाने से अयोध्या की छवि पर असर पड़ा। अयोध्या में कुछ लोगों के लिए यह गौरव से जुड़ा सवाल बन गया है। इसे सभी मतदाताओं की सामूहिक मनोदशा नहीं कहा जा सकता, लेकिन भाजपा समर्थक वर्ग के एक हिस्से में यह सवाल चुनावी चर्चाओं का हिस्सा है। वहीं सपा समर्थक लोकसभा परिणाम को भाजपा के वैचारिक विमर्श के विरुद्ध जनादेश बताते हैं। इनके तर्कों में चढ़ावा चोरी का जिक्र है, परंतु ज्यादातर लोगों पर बहुत प्रभाव नहीं दिखता।
रामलला के दर्शन को लेकर अखिलेश पर उठ रहे सवाल
अखिलेश यादव के रामलला दर्शन कार्यक्रम पर भी रुख अलग हैं। रिकाबगंज चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रहे विक्रांत यादव और सुरेश पासी ध्वस्तीकरण आदि परेशानियों के प्रभाव की बात कहते हैं। सपा प्रमुख के रामलला दर्शन को आस्था बताते हैं, हालांकि पास खड़े वीरेंद्र सवाल उठाते हैं कि उन्हें चुनाव के समय ही रामलला की याद क्यों आई? अयोध्या का राजनीतिक द्वंद यही है, जो सभी सीटों के अलग-अलग समीकरणों, मुद्दों के बीच चर्चा में कहीं न कहीं दिखता है।
अयोध्या विधान सभा सीट पर दो चुनावों से भाजपा का कब्जा है और पिछले लोकसभा चुनाव में भी भाजपा इस क्षेत्र में सपा से आगे रही थी। इस सीट पर सपा के लिए चुनौती बड़ी दिखती है। पिछली बार करीबी मुकाबले वाली बीकापुर सीट पर भाजपा को जीत का आधार बचाने के साथ असंतुष्ट खेमों को साधना है। जबकि सपा पिछले अंतर से आगे बढ़ने की चुनौती है।
रुदौली सीट भाजपा पिछले दो चुनाव से जीत रही है, पिछली बार सपा के आनंदसेन यादव को लड़ाने से नाराज रुश्दी मियां ने बसपा से चुनाव लड़ा। सपा-बसपा के मतों में केवल एक हजार का अंतर रहा। अब फिर रुश्दी सपा में आ चुके हैं। भाजपा के सामने यहां अपनी बढ़त बनाए रखने की चुनौती है तो विपक्ष को स्थानीय मुद्दों और मतदाताओं की अपेक्षाओं के आधार पर जमीन मजबूत करनी होगी।
मिल्कीपुर में विरासत बनाम उपचुनाव की जीत
मिल्कीपुर में वर्ष 2022 में सपा के अवधेश प्रसाद जीते थे। उनके लोकसभा पहुंचने पर हुए उपचुनाव में भाजपा के चंद्रभानु पासवान ने अयोध्या प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद (सपा प्रत्याशी) को बड़े अंतर से हराकर उलटफेर किया। अब दोनों के लिए अपने-अपने परिणामों को दोहराने की चुनौती है। इसमें भाजपा के लिए दलित- पिछड़े मतदाताओं, खासकर पासी समाज में पहुंच बनाए रखना अहम होगा।
गोसाईंगंज में दलबदल से बदला मुकाबले का आधार
गोसाईंगंज के चुनावी विमर्श में प्रत्याशी भी हैं। वर्ष 2022 में सपा से जीते अभय सिंह अब भाजपा में हैं। वहीं भाजपा के पूर्व प्रत्याशी खब्बू तिवारी भी प्रभाव रखते हैं। ऐसे में भाजपा को तालमेल बनाना होगा। जबकि सपा को प्रभावी प्रत्याशी तलाशना होगा। चुनाव यहां स्थानीय नेताओं के प्रभाव और समर्थकों के साथ आने पर भी निर्भर करेगा।
बड़ी जीत से निकलेगा बड़ा संदेश
अयोध्या भाजपा के लिए सबसे बड़े वैचारिक प्रतीकों में हैं। वर्ष 2017 में पांचों सीटों और 2022 में तीन सीटों पर जीत के बाद लोकसभा के परिणाम से उसकी प्रतिष्ठा पर चोट आई। अब भाजपा 2017 जैसा परिणाम दोहराकर बड़ा संदेश देना चाहती है।
वहीं सपा को पिछले लोकसभा चुनाव में उसे चार विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी, वह उसे बढ़ाकर अपने नेरैटिव को मजबूत करना चाहती है। सपा प्रमुख द्वारा मुख्यमंत्री को अयोध्या से लड़ने की चुनौती और अब रामलला दर्शन का कार्यक्रम इसी बहस को केंद्र में रखने की कोशिश है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।