विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में BJP ने मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर बनाई रणनीति, युवाओं और महिलाओं पर रहेगा फोकस

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:17 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चिंता के बाद भाजपा अयोध्या में 'मतदाता जोड़ो अभियान' चला रही है। इस अभियान में युवाओं और महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सर्किट हाउस सभागार में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत भाजपा महानगर की बैठक।

सर्किट हाउस सभागार में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत भाजपा महानगर की बैठक।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चिंता के बाद अभियान शुरू हुआ।

  2. युवाओं और महिलाओं को मतदाता बनाने पर विशेष जोर दिया।

  3. मतदाता सूची सत्यापन और नए पंजीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चिंता के बाद भाजपा मतदाता जोड़ो अभियान चलाने जा रही है। इसकी कवायद शुरू हो चुकी है। सर्किट हाउस सभागार में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत भाजपा महानगर की आयोजित बैठक में प्रभारी शिवभूषण सिंह ने अभियान की रूपरेखा तय की और पदाधिकारियों को अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने और मतदाता सूची के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी।

महानगर प्रभारी ने कहा कि युवा मोर्चा इंटर कॉलेज, महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों में छात्रों से संपर्क कर उन्हें मतदाता बनाने का अभियान चलाएगा। सरकारी योजनाओं के लाभार्थी छात्र-छात्राओं से विशेष रूप से संपर्क किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर मतदाता पंजीकरण कराया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और समूहों की महिलाओं को भी जिम्मेदारी‌

महिला मोर्चा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और आशा बहुओं के माध्यम से पात्र महिलाओं को चिह्नित करेगा, जो अभी तक मतदाता नहीं बन पाई हैं। उन्होंने कहा कि जिन नवयुवकों की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, उन्हें मतदाता बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

अभियान के दौरान जमा किए गए फॉर्मों की ऑनलाइन निगरानी भी की जाएगी। इसके लिए महानगर के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। शिवभूषण सिंह ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूचियों का आपस में मिलान किया जाए। पात्र लोगों के फार्म भरवाकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो व्यक्ति संबंधित बूथ क्षेत्र में निवास नहीं करते हैं, बाहर रह रहे हैं अथवा एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, उनके मामलों में नियमानुसार फॉर्म-8 भरवाकर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन कराया जाए।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर पात्र युवाओं और महिलाओं को मतदाता बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।

विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राजेश सिंह बबलू, पूर्व महापौर रिषिकेश उपाध्याय, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, बांकेबिहारीमणि त्रिपाठी, महामंत्री शैलेंद्र कोरी, परमानंद मिश्रा, शिवेंद्र सिंह, अभियान प्रभारी सुधीर सिंह मुन्ना, मोर्चा, मंडल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने दीपावली से पहले 3 लाख कर्मियों के खातों में भेजा था मानदेय, छुट्टी में भी खुला रहा ऑफिस

यह भी पढ़ें- मिशन कर्मयोगी: 20 नवंबर तक यूपी के सभी कर्मियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, विभागीय बैठकों पर रोक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।