विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

योगी सरकार ने दीपावली से पहले 3 लाख कर्मियों के खातों में भेजा था मानदेय, छुट्टी में भी खुला रहा ऑफिस

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:07 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने दीपावली से पहले 3 लाख कर्मचारियों को 441.27 करोड़ रुपये का मानदेय भुगतान किया।

योगी सरकार ने दीपावली से पहले 3 लाख कर्मियों के खातों में भेजा मानदेय। जागरण आर्काइव

योगी सरकार ने दीपावली से पहले 3 लाख कर्मियों के खातों में भेजा मानदेय। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर दीपावली से पहले भुगतान।

  2. एनएचएम ने 3 लाख कर्मचारियों को 441.27 करोड़ दिए।

  3. तकनीकी बाधाओं के बावजूद अवकाश में भी काम हुआ।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले प्रदेश के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों काे मानदेय का भुगतान करने के निर्देश दिये थे ताकि सभी त्योहार को धूमधाम से मना सकें। ऐसे में सीएम योगी की मंशा के अनुरूप राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश ने एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर कई तकनीकी समस्या होने के बाद भी 3 लाख कर्मचारियों को समय से 441.27 करोड़ रुपये का भुगतान किया।

पोर्टल पर कई तकनीकी और प्रक्रियागत चुनौतियों के बावजूद मिशन निदेशक की सतत मॉनीटरिंग और अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वय से बेहद कम समय में भुगतान समय से हो सका। इसके लिये अवकाश के दिनों में भी ऑफिस को खोला गया।

वीसी के माध्यम से समस्या का किया समाधान

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की महानिदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले विभाग के कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान करने के निर्देश दिये। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों को प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने भुगतान प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए विशेष प्रयास किए।

उन्होंने स्वयं इसकी निगरानी की और भुगतान में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए लगातार अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखा। उन्होंने बताया कि तीन लाख लोगों के खातों में समय से धनराशि पहुंचाना आसान नहीं था।

भुगतान प्रक्रिया के दौरान कई तरह की तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याएं सामने आईं। कहीं डेटा संबंधी कमियां थीं तो कहीं पोर्टल और आधार लिंकिंग से जुड़ी दिक्कतों के कारण भुगतान प्रभावित होने की आशंका थी। इन चुनौतियों के बावजूद भुगतान को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर समाधान के प्रयास किए।

उन्होंने सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में भुगतान की स्थिति की समीक्षा करने के साथ ही एक-एक समस्या का निस्तारण कराया गया। संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों को तत्काल ठीक करने और भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

भारत सरकार से समस्या निस्तारण के लिए अनुरोध किया गया

मिशन महानिदेशक ने बताया कि भुगतान समय से सुनिश्चित करने के लिए अवकाश के दिन भी कार्यालय खुलवाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने छुट्टी के दिन भी काम करते हुए भुगतान से जुड़े डेटा का एक-एक कर विश्लेषण और सत्यापन किया। जिन रिकॉर्ड में कमियां थीं, उन्हें दुरुस्त कराने के प्रयास किए गए, ताकि पात्र कार्मिकों एवं लाभार्थियों के खातों में सही धनराशि पहुंचे।

इस दौरान जल्दबाजी के बजाय डेटा की शुद्धता और भुगतान की पारदर्शिता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एसएनए-स्पर्श पोर्टल के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया में आधार लिंकिंग से जुड़ी समस्या भी सामने आईं। इसके समाधान के लिए भारत सरकार को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया।

तकनीकी बाधाओं के कारण भुगतान में देरी की आशंका के बीच समस्याओं की पहचान की गई और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले 74 हजार कार्मिकों को मानदेय, 1.51 लाख आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि तथा 79,071 जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत 441.27 करोड़ रुपये की देय धनराशि का भुगतान किया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।