विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में अखिलेश यादव क्रांतिकारी विरासत से साधेंगे सियासी समीकरण, प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में होंगे शामिल

Published: Mon, 16 Nov 2026 03:21 PM (IST)

अखिलेश यादव 18 नवंबर को गोरखपुर के चौरीचौरा में शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह कार्यक्रम 2027 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. अखिलेश यादव 18 नवंबर को चौरीचौरा में प्रतिमा अनावरण करेंगे।

  2. यह कार्यक्रम 2027 चुनाव के लिए सपा की रणनीति का हिस्सा।

  3. अजय सिंह टप्पू की सपा से नजदीकी पर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछने से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 18 नवंबर को चौरीचौरा पहुंचना महज एक कार्यक्रम में शिरकत करना नहीं है। इसके सियासी मायने दूर तक निकाले जा रहे हैं।

पूर्वांचल की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी सपा ने चौरीचौरा को राजनीतिक संदेश देने के लिए चुना है। क्रांतिकारियों की धरती से अखिलेश का आगमन पार्टी के चुनावी अभियान को धार देने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

शक्ति प्रदर्शन का रूप देने में जुटी पार्टी

अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से चौरीचौरा जाएंगे। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जगह-जगह स्वागत की तैयारियां हैं। फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के जरिए पार्टी उनके आगमन को शक्ति प्रदर्शन का रूप देने में जुटी है।

कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को जुटाने की तैयारी इसी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम का कहना है कि जिले के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में आस-पास के जिलों के नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

अखिलेश यादव देवकही में क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद स्वर्गीय विनय कुमार सिंह (बिन्नू) को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रतिमा अनावरण के लिए चौरीचौरा का चयन भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

1857 की क्रांति और चौरीचौरा आंदोलन की ऐतिहासिक पहचान वाले इस क्षेत्र से सपा नेतृत्व सामाजिक और राजनीतिक जुड़ाव का संदेश देना चाहता है। कार्यक्रम की तैयारियों में स्थानीय नेताओं की सक्रियता भी पार्टी के लिए अहम है। आयोजन की जिम्मेदारी चौरीचौरा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय सिंह टप्पू संभाल रहे हैं।

टप्पू के सपा में आने की अटकलों से चौरीचौरा की राजनीति गरम

अखिलेश यादव के दौरे के साथ अजय सिंह टप्पू की राजनीतिक भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे और तीसरे पायदान पर रहे। यहां भाजपा के सरवन निषाद को 91958, सपा के ब्रिजेश चंद्र लाल को 50,831 और अजय सिंह टप्पू को 29,582 वोट मिले थे। वह पहले भाजपा से जुड़े रहे हैं। अब उनके सपा के करीब आने और 2027 में चौरीचौरा से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर चर्चा है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मतदाता सूची से नाम कटने पर भाजपा की चिंता बढ़ी, पार्टी ने शुरू किया विशेष अभियान

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बनेगी उत्तर प्रदेश की पहली फॉरेस्ट्री और हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी, 19 नवंबर को CM योगी करेंगे शिलान्यास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।