विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में मतदाता सूची से नाम कटने पर भाजपा की चिंता बढ़ी, पार्टी ने शुरू किया विशेष अभियान

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:46 PM (IST)

गोरखपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद अपने कोर मतदाताओं के नाम कटने की आशंका से भाजपा चिंतित है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कोर मतदाताओं के नाम कटने से भाजपा की चिंता बढ़ी।

  2. छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर अभियान।

  3. महिला और युवा मतदाताओं पर विशेष जोर 2027 चुनाव हेतु।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़ी संख्या में अपने कोर मतदाताओं के नाम कटने की आशंका ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। पार्टी नेतृत्व को मिले फीडबैक के अनुसार, मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सर्वाधिक नुकसान भाजपा के परंपरागत मतदाता आधार को होने की आशंका है।

यही वजह है कि पार्टी अब मतदाता सूची के अंतिम चरण में छूटे हुए नामों को जुड़वाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा इसे अपने मतदाता आधार को सुरक्षित रखने की महत्वपूर्ण कवायद के रूप में देख रही है।

इसके लिए क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया गया है। कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर ऐसे लोगों की पहचान करने और उनका फार्म-6 भरवाने की जिम्मेदारी दी गई है, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

भाजपा ने इसके लिए चरणबद्ध अभियान तैयार किया है। 22, 23 और 24 नवंबर को प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता घर-घर जाकर नए मतदाता बनाएंगे। इसके बाद 28, 29 और 30 नवंबर को महिला मतदाता जोड़ो अभियान चलेगा। एक, दो और तीन दिसंबर को युवा मतदाता जोड़ो अभियान के तहत युवाओं से संपर्क किया जाएगा। महिला मतदाताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी महिला कार्यकर्ताओं और युवाओं को जोड़ने का दायित्व युवा मोर्चा संभालेगा।

इस पूरी कवायद की बूथवार प्रगति की नियमित निगरानी होगी। पार्टी पदाधिकारियों से अभियान का फीडबैक लिया जाएगा और यह सुनिश्चित करने का प्रयास होगा कि कोई पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।

दरअसल, भाजपा के सामने चुनौती केवल छूटे हुए नाम जुड़वाने की नहीं, बल्कि एसआईआर के बाद अपने मतदाता आधार की वास्तविक स्थिति को दुरुस्त करने की भी है। चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर संगठन की बढ़ी सक्रियता इसी रणनीति का हिस्सा है।

बैठक कर पदाधिकारियो ने बनाई अभियान की रणनीति

बेनीगंज भाजपा कार्यालय पर शनिवार को जिला कार्यसमिति की बैठक में मतदाता जोड़ो विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। अभियान को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डाॅ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता बनना जरूरी है, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनका फार्म-6 भरवाया जाए।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि तय तिथि पर प्रत्येक बूथ पर घर-घर जाकर नए मतदाता बनाने का अभियान चलेगा। महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बूथ स्तर के कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने में जुटेंगे। बैठक का संचालन महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया।

यह भी पढ़ें- पूर्वांचल के मत्स्य पालकों के लिए खुशखबरी, गोरखपुर के छपिया में बनेगी पंगास और तिलापिया की आधुनिक हैचरी

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने वालों के लिए बड़ी राहत, OTS योजना की अंतिम तिथि 14 दिसंबर तक बढ़ी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।