गोरखपुर में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने वालों के लिए बड़ी राहत, OTS योजना की अंतिम तिथि 14 दिसंबर तक बढ़ी
शासन ने बकाया संपत्ति कर जमा करने के लिए लागू एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की अंतिम तिथि एक महीने बढ़ाकर ...और पढ़ें

HighLights
ओटीएस आवेदन की अंतिम तिथि 14 दिसंबर तक बढ़ी।
भवन स्वामियों को बकाया संपत्ति कर चुकाने का अवसर।
नगर निकायों का राजस्व बढ़ाने में सहायक होगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बकाया संपत्ति कर जमा करने के लिए लागू एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने से वंचित रह गए भवन स्वामियों को शासन ने एक महीने की अतिरिक्त मोहलत दी है। अब भवन स्वामी 14 दिसंबर तक योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 नवंबर निर्धारित थी। इसके साथ ही योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की समय सीमा भी 15 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 15 जनवरी 2027 कर दी गई है।
नगर विकास विभाग के अनु सचिव चंद्रपाल सिंह ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर प्रदेश के सभी नगर आयुक्तों और नगर निकायों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शासन ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि व्यापक जनहित को देखते हुए आवेदन करने की समय सीमा बढ़ाई गई है, ताकि अधिक से अधिक भवन स्वामी योजना का लाभ उठा सकें।
शासन के निर्देश के अनुसार प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों, 200 नगर पालिका परिषदों और 545 नगर पंचायतों में यह योजना लागू है। इसके तहत बकाया गृहकर, जलकर, सीवरकर और जलमूल्य की वसूली के लिए भवन स्वामियों को एकमुश्त समाधान का अवसर दिया गया है। योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर 2026 तक संचालित की जानी निर्धारित है। अब आवेदन की अंतिम तिथि 14 दिसंबर कर दी गई है, जबकि इस अवधि में प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 15 जनवरी तक किया जाएगा।
अधिक से अधिक भवन स्वामियों को मिलेगा लाभ
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि शासन ने आवेदन की समय सीमा बढ़ाकर भवन स्वामियों को अतिरिक्त अवसर दिया है। नगर निगम की ओर से योजना का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, जिससे जिन भवन स्वामियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे समय रहते अपना आवेदन कर सकें।
यह भी पढ़ें- सुनहरी शकरकंद की किस्मों पर शोध, भंडारण से पोषण सुरक्षा का रहस्य
उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना ओटीएस के तहत आवेदन कर बकाया संपत्ति कर का समाधान करा लें। नगर निगम स्तर पर प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण कराने की व्यवस्था की जाएगी।
शासन ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को भी अपने स्तर से योजना की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बकायेदारों को योजना से जोड़कर नगर निकायों की राजस्व वसूली बढ़ाना है।
यह भी पढ़ें- छठ महापर्व का खास प्रसाद 'ठेकुआ', संस्कृति और मिठास की अनूठी दास्तान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।