विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुनहरी शकरकंद की किस्मों पर शोध, भंडारण से पोषण सुरक्षा का रहस्य

Published: Sun, 15 Nov 2026 12:23 PM (IST)

शकरकंद की दो किस्मों पर हुए शोध में सामने आया है कि CIP-440127 अधिक उपज देती है, जबकि ST-14 भंडारण के बाद भी पोषक तत्वों को बेहतर बनाए रखती है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. CIP-440127 किस्म देती है शकरकंद की अधिक उपज।

  2. ST-14 किस्म में बीटा-कैरोटीन का बेहतर भंडारण होता है।

  3. भंडारण की स्थितियां शकरकंद के पोषण को सीधे प्रभावित करती हैं।

डाॅ. राकेश राय, गोरखपुर। शकरकंद की अधिक उपज चाहिए तो उसके लिए सीआईपी- 440127 किस्म बेहतर है, जबकि उसमें मौजूद पोषक तत्वों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना है तो एसटी-14 अधिक उपयोगी साबित हो सकती है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग की सीनियर असिस्टेंट प्रोफसर डॉ. के. सुनीता के अध्ययन में यह निष्कर्ष सामने आया है।

अध्ययन में उन्होंने पाया है कि एसटी-14 में अलग-अलग भंडारण परिस्थितियों के बावजूद बीटा-कैरोटीन की हानि महज पांच से छह प्रतिशत रही। वहीं, सीआईपी- 440127 ने अध्ययन के सभी वर्षों में सबसे अधिक कंद उत्पादन कर अपनी उपयोगिता साबित की। डॉ. सुनीता का यह अध्ययन इसी वर्ष बायोस्पेक्ट्रा जर्नल के खंड 20 में प्रकाशित हुआ है।

'इफेक्ट ऑफ डिफरेंट स्टोरेज कंडीशंस आनन बीटा-कैरोटीन रिटेंशन इन टू वैरायटीज आफ गोल्डन स्वीट पोटैटो' शीर्षक से किए एक शोध अध्ययन सुनहरे शकरकंद की दोनों किस्मों का तुलनात्मक अध्ययन किया गया। इसमें कंद उत्पादन के साथ कटाई के बाद अलग-अलग परिस्थितियों में रखने से पोषण तत्वों पर पड़ने वाले प्रभाव को भी समझा गया।

पोषण गुणवत्ता में एसटी-14 बेहतर

अध्ययन में सीआईपी-440127 कंद उत्पादन के मामले में सबसे आगे रही, लेकिन पोषण गुणवत्ता के लिहाज से एसटी-14 ने बेहतर प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि धूप और छाया दोनों परिस्थितियों में इसके बीटा-कैरोटीन की मात्रा अपेक्षाकृत स्थिर रही। इसमें इस पोषक तत्व की हानि केवल पांच से छह प्रतिशत दर्ज की गई।

वहीं, सामान्य तापमान पर रखे जाने की स्थिति में सीआईपी-440127 में बीटा-कैरोटीन की हानि अपेक्षाकृत कम पाई गई। इससे स्पष्ट हुआ कि शकरकंद की पोषण गुणवत्ता केवल उसकी किस्म पर निर्भर नहीं करती, बल्कि कटाई के बाद उसे किस तरह रखा जा रहा है, इसका भी असर पड़ता है।

विटामिन ए बनाने में मदद करता है शकरकंद का बीटा-कैरोटीन

डॉ. सुनीता ने बताया कि शकरकंद में मौजूद बीटा-कैरोटीन शरीर में विटामिन-ए बनाने में मदद करता है। यह आंखों की सामान्य रोशनी, रोग प्रतिरोधक क्षमता और शारीरिक विकास के लिए जरूरी है। इसकी कमी से आंखों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में सुनहरे शकरकंद की पोषण क्षमता को सुरक्षित रखने के उपाय तलाशना महत्वपूर्ण है। शोध के निष्कर्ष किसानों के साथ खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकते हैं।

ऐसे बचाएं शकरकंद का पोषण

डॉ. सुनीता ने शोध अध्ययन के अनुभव से बताया कि शकरकंद के कंदों को छायादार स्थान पर रखना चाहिए और सीधे धूप से बचाना चाहिए। सामान्य कमरे की परिस्थितियों में लंबे समय तक भंडारण से बचना बेहतर है। वहीं, शकरकंद से तैयार चिप्स को सुरक्षित रखने के लिए बहुस्तरीय पैकेजिंग अपनाई जा सकती है। इससे कटाई के बाद भी उसकी गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- रामगढ़ के शकरकंद की बांग्लादेश और आम की यूएई तक पहुंच, किसानों को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार

यह भी पढ़ें- आलू के साथ शकरकंद की खेती से किसानों को बंपर मुनाफा, कम लागत के चलते कटरी क्षेत्र में मिल रहा बढ़ावा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।