विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बनेगी उत्तर प्रदेश की पहली फॉरेस्ट्री और हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी, 19 नवंबर को CM योगी करेंगे शिलान्यास

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:17 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। यह विश्वविद्यालय 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनेगा।

गोरखपुर में बनेगा उत्तर प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय।

गोरखपुर में बनेगा उत्तर प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी 19 नवंबर को विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे।

  2. गोरखपुर में 491 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बनेगा।

  3. वानिकी, औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण जैसे विषयों की पढ़ाई होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब 19 नवंबर को गोरखपुर में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। पहले इसका शिलान्यास दो नवंबर को होना था, किंतु मुख्यमंत्री ने दूसरे कार्यक्रमों के कारण इसे स्थगित कर दिया था।

कैंपियरगंज क्षेत्र में करीब 50 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। निर्माण कार्य दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अब 19 को शिलान्यास का समय मिलने के बाद वन विभाग कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गया है।

सीएम योगी ने की थी घोषणा

मुख्यमंत्री ने छह सितंबर 2024 को कैंपियरगंज क्षेत्र में गोरखपुर में प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी। इसके बाद विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इस वर्ष 17 अगस्त को उत्तर प्रदेश वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय अधिनियम को स्वीकृति दी गई थी।

विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी के साथ वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, कृषि वानिकी (एग्रोफारेस्ट्री), फल एवं बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई और शोध की सुविधा विकसित की जाएगी।

इन कोर्सों का होगा संचालन

यहां स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी), पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित करने की योजना है। इससे वन, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों को विशेषज्ञता हासिल करने के अवसर मिलेंगे।

विश्वविद्यालय का उद्देश्य वानिकी और औद्यानिकी के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही वनावरण बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण, पर्यावरणीय चुनौतियों पर शोध और आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों के प्रसार पर भी जोर रहेगा।

किसानों को प्रशिक्षण देने और शोध के निष्कर्षों को खेतों तक पहुंचाने की दिशा में भी विश्वविद्यालय की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। विश्वविद्यालय परिसर में शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

प्रस्तावित योजना में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार शामिल हैं। इसके अलावा 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास, 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह बनाने की योजना है।

यह भी पढ़ें- अमेठी के 96 गांवों में बनेंगे अत्याधुनिक खेल मैदान, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।