UP News: एक जुलाई से स्कूलों में ऑनलाइन होगी हाजिरी, यूपी बोर्ड मुख्यालय में आज होगी प्रस्तुति
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) 1 जुलाई से अपने मान्यता प्राप्त स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था लागू करेगा। यह कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए अनिवार्य होगी। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा में पारदर्शिता लाना, विद्यार्थियों की नियमितता बढ़ाना, फर्जी प्रवेश रोकना और सरकार को सटीक आंकड़े उपलब्ध कराना है। इससे निजी स्कूलों में अनियमितताओं पर भी नियंत्रण होगा और अनुशासन सुनिश्चित होगा, जिसकी प्रधानाचार्य परिषद ने सराहना की है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) से मान्यता प्राप्त स्कूलों में एक जुलाई से आनलाइन हाजिरी की व्यवस्था करने की तैयारी है। विशेष रूप से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अब शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति आनलाइन दर्ज करनी होगी।
अभी तक यह व्यवस्था बाध्यकारी नहीं थी, जिससे कई विद्यार्थियों द्वारा प्रवेश लेने के बावजूद स्कूल न आने की शिकायतें मिलती थीं। अब इस नई व्यवस्था से गैरहाजिर विद्यार्थियों की पहचान आसानी से हो सकेगी। इसके लिए कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। 23 जून को यूपी बोर्ड मुख्यालय प्रयागराज में इसका प्रजेंटेशन होगा, जिसमें आनलाइन हाजिरी दर्ज करने की प्रक्रिया विस्तार से बताई जाएगी।
आनलाइन हाजिरी से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और विद्यार्थियों की नियमितता बढ़ेगी। फर्जी प्रवेश और घोस्ट स्टूडेंट की समस्या रुकेगी। सरकार को वास्तविक नामांकन और उपस्थिति का सटीक आंकड़ा मिलेगा, जिससे योजनाएं बेहतर तरीके से बन सकेंगी। शिक्षकों और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
साथ ही, निजी स्कूलों में अनियमितताओं पर नियंत्रण आसान हो जाएगा। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार परीक्षण के बाद विस्तृत कार्ययोजना सभी स्कूलों को भेजी जाएगी, ताकि इसे लागू करने में किसी को कठिनाई न हो। इससे उपस्थिति की पारदर्शिता बढ़ेगी और स्कूलों में अनुशासन भी सुनिश्चित हो सकेगा।
उधर, उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आनलाइन हाजिरी अनिवार्य करने से विशेष रूप से निजी विद्यालयों में फर्जी प्रवेश पर रोक लगेगी और पढ़ाई का माहौल भी बेहतर होगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।