विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP में आतंकियों का नेटवर्क तोड़ने को इंटरनेट मीडिया पर ATS का फोकस, NIA की टीम ने आतंकी से की पूछताछ

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
Published: Sun, 06 Aug 2023 03:05 PM (IST)

Terrorists In UP यूपी में एटीएस को हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी अहमद के साथियों की तलाश है। एटीएस यूपी में ...और पढ़ें

Terrorists In UP: यूपी में आतंक‍ियों नेटवर्क तोड़ी ATS
Terrorists In UP: यूपी में आतंक‍ियों नेटवर्क तोड़ी ATS

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। हिजबुल मुजाहिदीन व आइएसआइ के गहराते नेटवर्क को तोड़ने के लिए एटीएस ने इंटरनेट मीडिया पर कई संदिग्धों की निगरानी तेज की है। गोंडा निवासी आइएसआइ एजेंट रईस व उसके साथियों के आलावा हिजबुल मुजाहिदीन के मुरादाबाद निवासी अहमद रजा उर्फ शाहरुख उर्फ मोहीउद्दीन से जुड़े रहे युवकों की तलाश की जा रही है।

इसके लिए कई संदिग्ध युवकों के इंटरनेट मीडिया की गतिविधियों को सिलसिलेवार खंगाला जा रहा है। एटीएस आतंकी अहमद रजा को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पहले उसे मुरादाबाद ले जाकर पिस्टल बरामद किए जाने की तैयारी है। इसके बाद उसे सहारनपुर और फिर जम्मू-कश्मीर ले जाया जाएगा। एनआइए के अधिकारियों ने भी अहमद रजा से लंबी पूछताछ की है।

जांच एजेंसियां उसकी मदद से आतंकी फिरदौस तक पहुंचने का प्रयास करेंगी। सूत्रों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकी फिरदौस जुड़े कुछ अन्य लोगों की भी तलाश शुरू की गई है। जिनकी मदद से अहमद रजा को अनंतनाग व श्रीनगर में हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिलाया गया था। अहमद से पूछताछ में सामने आए तथ्यों को केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी साझा किया गया है।

एटीएस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह कहां और किस तरह के हमले की योजना बना रहा था। पाकिस्तानी हैंडलर एलसान गाजी से उसे किस तरह के और निर्देश मिले थे। एक टीम को मुंबई निवासी अमीना की तलाश में भी लगाया गया है। अमीना के माध्यम से ही अहमद का संपर्क एहसान गाजी से हुआ था। कोर्ट ने अहमद की 17 अगस्त की शाम छह बजे तक की पुलिस रिमांड स्वीकार की है। एटीएस उसे पहले लेकर मुरादाबाद जाएगी, जहां पिस्टल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद उसे सहारनपुर और फिर जम्मू-कश्मीर ले जाया जाएगा। अहमद का देवबंद कनेक्शन भी सामने आ रहा है। एटीएस ने गुरुवार को अहमद को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।

मुरादाबाद के ग्राम गुलडिया निवासी अहमद हिजबुल मुजाहिदीन पीर पंजाल तंजीम से जुड़े जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग निवासी आतंकी फिरदौस के सीधे संपर्क में था। वह बद्री कमांडो की ट्रेनिंग लेने अफगानिस्तान जाने की फिराक में भी था। एटीएस कई बिंदुओं पर छानबीन को आगे बढ़ा रही है। जल्द अहमद से जुड़े कुछ अन्य संदिग्ध युवकों को भी पकड़ा जा सकता है।