यूपी चुनाव को लेकर ओवैसी का Exclusive Interview, अखिलेश से लेकर CM योगी तक पर की खुलकर बात
असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव को 'फ्यूडल सोच' वाला और मुसलमानों का हितैषी न होने का आरोप लगाया है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के साथ 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाकर यूपी में दलित-मुस्लिम समीकरण पर नए राजनीतिक विकल्प की संभावना जताई है।

AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी का इंटरव्यू। फोटो जागरण
HighLights
अखिलेश यादव को बताया 'फ्यूडल सोच' वाला, मुस्लिम हितैषी नहीं।
चंद्रशेखर आजाद संग 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया, सीएम चेहरा घोषित।
भाजपा और सपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया।
अजय जायसवाल, लखनऊ। लगभग एक दशक पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में इंट्री करने वाले एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को अब तक भले ही अपेक्षित सफलता नहीं मिली लेकिन वर्ष 2027 के चुनाव से पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के मुखिया चंद्रशेखर आजाद के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर प्रदेश की राजनीति में खासतौर से दलित-मुस्लिम समीकरण पर एक नए विकल्प की संभावना पेश की है।
सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारने और चंद्रशेखर को गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने वाले ओवैसी कहते हैं कि यह दलों का नहीं दिलों का मिलन है। स्पष्ट तौर पर मानते हैं कि भाजपा हो या सपा, दोनों में कोई फर्क नहीं है, एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
असदुद्दीन ओवैसी का इंटरव्यू
संविधान दिवस पर मोर्चे की ताकत दिखाने के लिए राजधानी लखनऊ में आयोजित बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में आए ओवैसी ने दैनिक जागरण के उप राजनीतिक संपादक (उत्तर प्रदेश) अजय जायसवाल से बातचीत में कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव तो स्वभाव से ही सेक्युलर नहीं है, वह तो फ्यूडल सोच (सामंती मानसिकता) रखते हैं। हिप्पोक्रेसी (छल-कपट या दोगलापन) की भी हद है।
अखिलेश को मुसलिम समाज का वोट चाहिए लेकिन उनके मुद्दों पर संसद से लेकर सड़क तक कहीं साथ नहीं खड़े होते। योगी आदित्यनाथ सरकार के बुलडोजर मॉडल को संविधान को कमजोर करने वाला न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए ओवैसी कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में ‘रूल आफ गन’ नहीं, ‘रूल आफ ला’ होना चहिए।
प्रस्तुत है ओवैसी से बातचीत के प्रमुख अंश-
चंद्रशेखर से हाथ मिलाने के पीछे क्या राजनीतिक-सामाजिक समीकरण हैं?
मैं लगभग पांच वर्ष पहले पहली बार चंद्रशेखर से मिला। तब सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर से भी मिलना हुआ। हमारी कोशिश तो तब से यही रही कि सब साथ मिलकर चुनाव लड़े लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी। चाहे मुस्लिम समाज हो या फिर दलित समाज, सभी जुल्म-ज्यादती का शिकार हैं।
उन्होंने आग कहा कि भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए हमने गठबंधन किया है। यह सिर्फ दलों का नहीं बल्कि दिलों का मिलन है इसलिए हमें कामयाबी मिलेगी। रही बात चंद्रशेखर को मोर्चा का मुख्यमंत्री चेहरा बनाने की तो बताना चाहता हूं की हमारी पार्टी आज से नहीं बल्कि वर्ष 1960 से दलित समाज को साथ लेकर आगे बढ़ती रही है। हमारी पार्टी के आज भी कई पार्षद और पदाधिकारी दलित समाज से ही हैं।
दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे का क्या फार्मूला होगा?
हमारा न कोई फिक्स फार्मूला है और न ही अभी ऐसा कुछ तय है कौन कितनी सीट पर लड़ेगा? जहां जो मजबूती से लड़ सकता है और अच्छा प्रत्याशी है वहां से लड़ेगा। इसे तय करने में कुछ वक्त लगेगा लेकिन बातचीत चल रही है, हम मिल-बैठकर सब कुछ तय कर लेंगे। मुस्लिम-दलित ही नहीं अन्य समाज का भी हमारा उम्मीद्वार होगा।
आपकी मुख्य लड़ाई भाजपा को सत्ता से रोकने की है या विपक्षी वोट बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाने की?
हमारा मकसद भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। हमारी लड़ाई भाजपा से है इसलिए हमारे दरवाजे उनके लिए खुले हुए हैं जो वास्तव में भाजपा को हराना चाहते हैं। अब चुनाव लड़ेंगे तो सभी पार्टियों के वोट बैंक पर प्रभाव पड़ेगा ही इसीलिए चंद्रशेखर तो भाजपा को रोकने के लिए नुकसान उठाकर भी सपा के साथ की बात कह चुके हैं।
आपको, भाजपा की बी टीम कहा जाता है।
यह सामंतवादी सोच का ही प्रभाव है। लोकतंत्र में राजनीतिक दल अगर चुनाव नहीं लड़ेगा तो क्या करेंगे, हम एनजीओ तो नहीं हैं कि चुनाव ही न लड़ें। संविधान की बात करते हैं, लाल डायरी को लेकर खड़े हो जाते हैं लेकिन संविधान की रूह (आत्मा) को नहीं समझते।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बारे में आपका दृष्टिकोण क्या है?
क्या बताऊं कि अखिलेश यादव स्वभाव से बिल्कुल सेक्युलर नहीं है। उनकी सोच फ्यूडल (सामंती मानसिकता) हैं। उन्हें मुस्लिम समाज का वोट तो चाहिए लेकिन संसद में खुद वक्फ कानून पर नहीं बोलते। बाहर भी मुसलमानों के मुददों पर चुप ही रहते हैं। सैफई में नाच-गाना देखते रहते हैं लेकिन मुजफ्फरनगर दंगे के पीड़ितों से मिलने का समय नहीं होता। बताने को बहुत कुछ है लेकिन एक लाइन कहूं तो अखिलेश, कभी मुस्लिम समाज के हितैषी नहीं रहे हैं। अब तो वह 12 दिसंबर को अयोध्या भी जा रहे हैं।
आप कहते रहते हैं कि उप्र में ‘रूल आफ गन; नहीं, ‘रूल आफ ला’ होना चहिए?
जी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो खुले आम बोलते हैं कि वह ‘रूल आफ गन’ से काम करेंगे, ठोक देंगे। देखिए, हाफ एनकाउंटर में 90 प्रतिशत और मुठभेड़ में मारे जाने वालों में करीब 36 प्रतिशत मुस्लिम है जबकि यहां मुसलमानों की आबादी में हिस्सेदारी 19 प्रतिशत है। यह अंतर सवाल खड़े करता है। बुलडोजर मॉडल न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ और संविधान को कमजोर करने वाला है। अगर ऐसे ही चलना है तो फिर अदालतें व ट्रायल खत्म कर दें। मैं तो अपराधियों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई का पक्षधर हूं लेकिन सब कुछ डॉ. आंबेडकर के संविधान और कानून के दायरे में हो।
...लेकिन यह तो मानेंगे कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है।
बिल्कुल नहीं, योगी सरकार प्रदेश को वन ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने को लेकर बड़ी-बड़ी बात करती है लेकिन इसे वर्ष दर वर्ष आगे बढ़ाती जा रही है। आंकड़ों को दिखाते हुए... कहते हैं कि वर्ष 2029 तक भी ऐसा कुछ नहीं होना वाला है क्योंकि यहां सबकु कागजों पर हो रहा, धरातल पर नहीं।
आजम खां तो हैदराबादी बिरयानी की बात कर रहे हैं, पूछते हैं कि बैरिस्टर साहब ने उनके मुकदमों में हलफनामा तक क्यों नहीं लगाया?
अरे भई, वह तो खुद वकील हैं। मुझसे सीनियर भी हैं तब उन्होंने खुद का हलफनामा क्यों नहीं लगाया? तमाम बड़े मुद्दों के बजाय यह जो खाने की बात कर रहे हैं, वह सत्ता में रहे रामपुर की 69 प्रतिशत आबादी कुपोषण की शिकार है जबकि राज्य में कुपोषण का औसत 66 प्रतिशत ही है। मैं तो मो. अखलाक सैफी के परिवार से मिलने गया, मुजफ्फरनगर दंगे के बाद तीन दिनो तक वहीं रहा, जो हो सकता था मदद की लेकिन तब उन्होंने या उनकी सरकार ने क्या किया?
उन्होंने आगे कहा कि रेप की शिकार आठ महिलाओं ने धमकियों से डर कर मुकदमें वापस ले लिए लेकिन इनकी सरकार ने कुछ नहीं किया। हंसते हुए कहते हैं कि कुछ लोग खाने के लिए जिंदा हैं और कुछ जिंदा रहने के लिए खाते हैं। वह तो यह भी नहीं जानते है कि अब्दुल क्या है, कुछ भी बोलना है इसलिए बोलते रहते हैं।
आपके राष्ट्रवादी होने पर भी सवाल उठते रहते हैं।
इस पर मैं सवाल करता हूं कि क्या योगी आदित्यनाथ तय करेंगे कौन देश प्रेमी है और कौन नहीं है? हमें तो सीमा पार से टेलीग्राम-वाट्सअप के जरिए धमकियां मिलती रहती हैं तो क्या करें?
'जय मीम-जय भीम' के नारे को वोटों में बदलने की चुनौती से निपटने के लिए आपके पास क्या जमीनी तंत्र है?
हमने पहले ही कहा कि यह दिलों का मिलन है। 19 प्रतिशत मुस्लिम व 21 प्रतिशत दलित अब मोर्चे के साथ होगा। हमारा जमीनी तंत्र पहले से बहुत मजबूत है। संगठन की ताकत के साथ ही हम पश्चिम उप्र से पूर्वी उप्र तक चंद्रशेखर के साथ लोगों के बीच जाएंगे। केवल रैलियां नहीं करेंगे बल्कि प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर पद यात्रा व बाइक रैली भी करेंगे।
मैंने पहले ही कहा है कि "अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि अपनी लीडरशिप बनाएगा"। सपा और कांग्रेस जैसे दलों ने प्रदेश में मुस्लिम समाज को उभारने और नेतृत्व देने के लिए के लिए कुछ नहीं किया। हम उनके बीच जाएंगे और बताएंगे कि किस तरह से ऐसे दल आपका वोट तो लेते रहे लेकिन आपकी भलाई के लिए आगे नहीं आए।
'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का न्यूनतम साझा कार्यक्रम (कामन मिनिमम प्रोग्राम) क्या होगा?
बिल्कुल होगा। मैं और चंद्रशेखर बैठकर जल्द ही इसे तय करेंगे लेकिन इतना कह सकता हूं कि मोर्चे का शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, महिला सुरक्षा आदि पर फोकस के साथ डॉ. आंबेडकर के संविधान के तहत ही कानून का राज स्थापित करने पर जोर होगा।
मुस्लिम मतदाताओं को कैसे भरोसा दिलाएंगे कि आपका मोर्चा भाजपा को हरा रखता है?
आप देखिए कि मुस्लिम समाज, सपा को इसलिए वोट देता रहा कि वह भाजपा को सत्ता से रोकेगी लेकिन वर्ष 2014 से अब तक के चुनाव में क्या भाजपा को अखिलश रोक पाए। वर्ष 2024 के झटके के बाद भाजपा ने अपनी गल्तियों से सबक लेते हुए और भी ज्यादा तैयारी कर रखी है इसलिए सपा, भाजपा को तीसरी बार भी सत्ता में आने से नहीं रोक सकती है। अब मोर्चा ही भाजपा को हरा सकता है।
मेरठ की रैली में आपने लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को चुनौती देने की बात कही है।
जी, 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' केवल 2027 के विधानसभा चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा। उत्तर प्रदेश में एक दीर्घकालिक राजनीतिक विकल्प के रूप में हमने मोर्चा बनाया है। विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव भी हम चंद्रशेखर के साथ मिलकर लड़ेंगे और पहले से बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
चुनाव प्रचार में अकबरुद्दीन ओवैसी प्रचार करने आएंगे?
अकबरूद्दीन ही नहीं बल्कि हमारे विभिन्न राज्यों के सभी विधायक, संगठन के पदाधिकारी भी चुनाव प्रचार करने के लिए बिल्कुल प्रदेश में आएंगे।
हैदराबाद और राष्ट्रीय राजनीति के बीच आप उप्र में कितना समय दे पाएंगे?
अरे भई, हमारे पास कोई एनजीओ या ठेका-पट्टा का काम नहीं है। सिर्फ राजनीति करते हैं इसलिए 24 घंटे पार्टी को ही समय देते हैं।
यह भी पढ़ें- दलित-मुस्लिमों को साधने के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चे' का शक्ति प्रदर्शन, BJP-सपा पर बरसे असदुद्दीन ओवैसी
यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार... यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।