विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दलित-मुस्लिमों को साधने के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चे' का शक्ति प्रदर्शन, BJP-सपा पर बरसे असदुद्दीन ओवैसी

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:12 PM (IST)

सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने संविधान दिवस पर लखनऊ में दलित-मुस्लिम एकजुटता का प्रदर्शन किया। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा व सपा को पुलिस मुठभेड़ों और राजनीतिक हिस्सेदारी पर घेरा।

एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद। फोटो: सोशल मीडिया

एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद। फोटो: सोशल मीडिया

HighLights

  1. मोर्चे ने संविधान दिवस पर लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन किया।

  2. ओवैसी-आजाद ने भाजपा-सपा पर तीखे हमले किए।

  3. दलित-मुस्लिम एकजुटता और राजनीतिक हिस्सेदारी पर जोर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले दलित-मुस्लिम गोलबंदी के इरादे से सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने गुरुवार को संविधान दिवस पर राजधानी मे शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें पुलिस मुठभेड़ों, मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर कार्रवाई जैसे मुद्दे उठाकर भाजपा सरकार को घेरा गया।

वहीं, मुस्लिम समाज का वोट लेकर उसे राजनीतिक हिस्सेदारी से वंचित रखने, लखनऊ के अंबेडकर पार्क का नाम बदलकर जनेश्वर मिश्र पार्क किए जाने पर मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी को संविधान निर्माता का विरोधी ठहराने का प्रयास किया गया।

साथ ही, दलित और मुस्लिम समाज से एकजुट होकर मोर्चे के पक्ष में मतदान करने की अपील के साथ सत्ता में हिस्सेदारी का फार्मूला सामने रखा गया। इसके तहत दलित समाज के चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री और मुस्लिम तथा अति पिछड़े समाज के नेताओं को उपमुख्यमंत्री बनाने का एलान किया गया।

रमाबाई अंबेडकर मैदान मे आयोजित महारैली मे आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख नेताओं ने भाजपा और सपा पर हमले किए। गठबंधन के बाद पहली बार दोनों नेता एक साथ बड़े मंच पर नजर आए। भाषणों मे भाजपा सरकार की नीतियों और कार्रवाई के साथ सपा की मुस्लिम राजनीति, परिवारवाद और राजनीतिक हिस्सेदारी का सवाल भी प्रमुखता से उठा।

न्याय दिलाना भड़काना है तो भड़काऊंगाः ओवैसी

सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी का सवाल उठाते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। आरोप लगाया कि अखिलेश ने मुसलमानों को केवल वोटबैंक बनाकर रखा और राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के बजाय हाशिए पर धकेल दिया, जबकि मुसलमानों ने सपा को सत्ता तक पहुंचाया। अखिलेश समाजवाद और डा. राममनोहर लोहिया की बात करते हैं, लेकिन बढ़ावा परिवारवाद को देते हैं।

उन्होंने सपा को करहल विधानसभा सीट से मुस्लिम प्रत्याशी उतारने की चुनौती भी दी। ओवैसी ने दलित और मुस्लिम समाज को एकजुट करने के लिए पुलिस मुठभेड़ों का मुद्दा उठाया। नेपाल से सटे जिलों मे 350 मदरसे और मस्जिदें तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए बताया कि ऐसे मामलों को उठाने पर उन्हें मुसलमानों को भड़काने वाला कहा गया। इंसाफ दिलाने की बात को भड़काना माना जाता है तो वह ऐसा करते रहेंगे। न्याय मिलने तक न खुद चैन से बैठेंगे और न दूसरों को बैठने देंगे।

उप्र की मुस्लिम आबादी के सिर्फ चार प्रतिशत लोगों के स्नातक होने का उल्लेख कर ओवैसी ने सपा और कांग्रेस के नेताओं को मुकाबले की चुनौती दी। उन्होंने पांच मिनट मे गूंगा करके वापस भेजने की बात कही।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए अपने और चंद्रशेखर पर हुए हमलों का जिक्र किया। कहा कि दोनों पर गोलियां चलाई गईं, लेकिन वे अत्याचार के सामने चुप रहने के बजाय बदलाव के लिए संघर्ष करेंगे।

मुजफ्फरनगर दंगों के समय सैफई मे हुए कार्यक्रम का उल्लेख कर अखिलेश पर हमला बोला और सपा पर जातिवाद तथा परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। ओवैसी ने दलित और मुस्लिम समाज से अधिकारों के लिए खुद आगे आने की अपील की। मुस्लिम समाज की राजनीतिक भूमिका पर अब्दुल का उदाहरण देते हुए कहा कि वह केवल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि हिस्सा लेगा और नेता बनेगा।

वह चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री बनाएगा। मुख्यमंत्री योगी और सपा अध्यक्ष अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि एक यादव राज और एक ठाकुर राज की जगह इंसाफ का राज स्थापित होगा। दलित का बेटा चंद्रशेखर मुख्यमंत्री बनेगा।

दलित महापुरुषों के नाम बदलती है सपा : चंद्रशेखर

चंद्रशेखर आजाद ने भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर रखा। कहा कि उनके मोर्चे की सरकार बनने पर न्याय बुलडोजर से नहीं, बल्कि संविधान और कानून से होगा। महिलाओं को हर महीने 25 हजार रुपये देने का एलान करते हुए दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज से अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

संविधान पर हमले किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात कही। चंद्रशेखर ने पदोन्नति मे आरक्षण के लिए व्यक्तिगत विधेयक लाने का एलान कर पूछा कि कौन इसका समर्थन करेगा। दलित महापुरुषों की प्रतिमाएं तोड़े जाने और हाथरस कांड के पीड़ितों से किए गए वादे पूरे नहीं होने का मुद्दा उठाया।

यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार... यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र

पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम का कामकाज खत्म करने का आरोप लगाया। सपा पर भाजपा का विरोध करने का दावा करने के बावजूद ऐसे लोगों को राज्यसभा भेजने का आरोप लगाया जिनके पिता भाजपा से राज्यसभा सदस्य हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।