नोटबंदी पर काला दिवस मनाकर विपक्षी दलों की सरकार विरोधी मोर्चाबंदी
नोटबंदी को विपक्षी दलों ने काला दिवस मनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निरंकुश व गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया।
लखनऊ (जेएनएन)। नोटबंदी को विपक्षी दलों ने काला दिवस मनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निरंकुश व गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया। विभिन्न आयोजन के जरिये आक्रोश जताते हुए केंद्र और प्रदेश सरकारों पर निशाना साधा। मोमबत्ती मार्च निकालते कांग्रेसियों को पुलिस ने रोक लिया। इससे नाराज कांग्रेसियों ने सड़क पर धरना दिया। रघुपति राघव राजाराम गीत गाते हुए कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की।
इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गयी। राजबब्बर ने नोटबंदी को मोदी का तुगलकी फरमान बताया। आरोप लगाया कि इससे देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह चरमरा गयी है। फिर पार्टी दफ्तर से मोमबत्ती जुलूस लेकर निकले प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर, संजय सिंह, प्रमोद तिवारी व दीपक सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। प्रवक्ता द्विजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जिलों में भी काला दिवस मनाया गया और विरोध प्रदर्शन किए गए। समाजवादी पार्टी ने भी नोटबंदी के फैसले का विरोध जताते हुए काला दिवस मनाया। मुख्य प्रवक्ता व पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि नोटबंदी का जश्न मना रही भाजपा को इस फैसले के कारण हुई बर्बादी पर भी गौर करना चाहिए। कितने लोगों को अपनी जान गवांनी पड़़ी थी और कितने बेरोजगार हुए, कारोबार व उद्योग धंधे बंदी के कगार पर हैं और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
यह भी पढ़ें: यूपी में कोहरे की पहली दस्तक में ही खून से सनी सड़कें, 17 की मौत
नोटबंदी विरोधी पैदल मार्च
राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाते हुए काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च किया। प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद अहमद की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की। इससे पूर्व पार्टी मुख्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने नोटबंदी के चलते आमजनता की परेशानियां बयां की। राष्ट्रीय सचिव शिवकरन सिंह, मीडिया प्रभारी अनिल दुबे, ओंकार सिंह, सुरेंद्र नाथ त्रिवेदी, वसीम हैदर, प्रो. यज्ञदत्त शुक्ल व रमावती तिवारी ने भी विचार व्यक्त किए। वहीं जनता दल यूनाइटेड, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माक्र्सवादी और कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया ने संयुक्त रूप से काला दिवस मनाया। राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करते हुए नोटबंदी के चलते लोगों की परेशानियों को गिनाया। इस अवसर पर डा. हीरालाल यादव, जुबैर अहमद, डा. गिरीश आदि ने विचार व्यक्त किए।
नोटबंदी माफी दिवस मनाए भाजपा : मायावती
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने नोटबंदी पर भाजपा को जश्न मनाने के बजाए नोटबंदी माफी दिवस मनाने की सलाह दी। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार के कई अन्य स्रोतों का जन्म हुआ और इसका फायदा भाजपा एंड कंपनी को हुआ है। भाजपा के काला धन विरोधी दिवस मनाने का कोई मतलब नहीं। मोदी सरकार के मनमाने व निरंकुश रवैये के कारण देश आपात काल जैसे संकट के दौर से गुजर रहा है। आठ नवंबर 2016 को लिया फैसला भारतीय इतिहास का काला अध्याय साबित हुआ है, जिसके चलते गरीबों को उस दिन से आज तक आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने पैराडाइज पेपर प्रकरण पर आरोप लगाया कि भाजपा एंड कंपनी के करीबी व बड़े लोगों का भ्रष्टाचार एक- एक कर सामने आ रहा है परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौन साधे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।