लाल टोपी-नीला गमछा में अखिलेश के दाएं-बाएं आजम-अवधेश, हर अंदाज में PDA की झलक
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' जारी करते हुए अपने पहनावे और मंच व्यवस्था से पीडीए की सियासी झलक दिखाई। आजम खान और अवधेश प्रसाद को अपने अगल-बगल बैठाकर सपा ने मुस्लिम-दलित समीकरण साधने का संदेश दिया।

सेंट्रम होटल में पीडीए का घोषणा पत्र जारी करते सपा प्रमुख अखिलेश यादव साथ में पूर्व मंत्री आजम खान, सांसद डिंपल यादव और सांसद अवधेश प्रसाद। जागरण
HighLights
अखिलेश ने लाल टोपी, नीले गमछे में पीडीए की झलक दिखाई।
आजम खान और अवधेश प्रसाद अखिलेश के अगल-बगल बैठे।
सपा ने मुस्लिम-दलित समीकरण साधने का स्पष्ट संदेश दिया।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ जारी करने के दौरान पहनावे से लेकर मंच की साज-सज्जा और नेताओं की बैठने की व्यवस्था तक में पीडीए की सियासी झलक दिखाई।
अखिलेश यादव लाल टोपी और नीला गमछा पहनकर मंच पर पहुंचे तो उनके दाईं ओर पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां और बाईं ओर अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद बैठे नजर आए। मंच पर दोनों नेताओं को अखिलेश के अगल-बगल जगह देकर सपा ने मुस्लिम और दलित समीकरण को साधने के साथ पीडीए की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की।
कार्यक्रम में मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और कैराना की सांसद इकरा हसन समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। मंच पर नेताओं की मौजूदगी और उनकी बैठने की क्रम व्यवस्था को भी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति के संकेत के तौर पर देखा गया।
गुरुवार को होटल सेंट्रल में सपा का घोषणा पत्र जारी होने से पहले आजम ने अपने संबोधन में जेल में बिताए वक्त और तकलीफ साझा की। अखिलेश के प्रति आभार भी जताया और कहा कि उनसे कोई गलती हो जाए तो माफ कर देंगे। कहा कि साढ़े पांच साल जेल की कोठरी में रहने से उनके दिल और दिमाग पर गहरा असर पड़ा है।
इतने जुल्म हुए कि कोई कमजोर इंसान होता तो मर जाता। बोले, हम बड़े सख्त जान थे, जो आज आपके सामने जिंदा खड़े हैं। आधी सदी मुलायम सिंह यादव के साथ गुजारी है और अब अखिलेश के साथ हैं। हम मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे।
यह भी पढ़ें- Weather Today: यूपी में 9.1 डिग्री के साथ मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा, पश्चिमी जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
घोषणा पत्र पर कहा कि यह महज चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं है कि उसमें जो लिख दिया गया, बस वही होगा। जो नहीं लिखा है, वह भी होगा।ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी को बना सकते हैं, लेकिन वे किसी सरकार के गठन को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।
सपा प्रमुख को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं, उनका राजनीतिक कद भी कहीं न कहीं उन्होंने ही बड़ा किया है। मैंने ऐसे लोगों की दवा की है। हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।