'वोटों की डकैती नहीं रुकी तो सड़कों पर उतरेगी जनता', अखिलेश ने नेपाल का उदाहरण देते हुए भाजपा को दी चेतावनी
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने वोटों की डकैती रोकने के लिए निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष रहने का आग्रह किया। उन्होंने सिख संगठनों के साथ बैठक में कहा कि सपा सरकार में खुशहाली आएगी। अखिलेश ने सरकारी विभागों में लूट और पुलिस हिरासत में मौतों पर सरकार को घेरा और किसानों को नुकसान की भरपाई की मांग की।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने नेपाल का उदाहरण देते हुए सरकार को चेतावनी दी कि वोटों की डकैती नहीं रुकी तो जनता सड़कों पर उतरकर न्याय करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्वाचन आयोग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को मानकर वोटों की डकैती रोकेगा। साथ ही सुझाव दिया कि निर्वाचन आयोग भाजपा का जुगाड़ आयोग बनने की बजाय निष्पक्ष रूप से अपना काम करे।
शुक्रवार को सपा मुख्यालय में उन्होंने लखीमपुर खीरी व पीलीभीत के सिख संगठनों के साथ बैठक करने के बाद किसान आंदोलन में मारे गए सिखों के स्वजनों को सम्मानित किया। सिखों ने उन्हें लाल रंग की पगड़ी पहनाई। इससे बाद सपा अध्यक्ष ने कहा कि लाल रंग खुशहाली का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश में भी सपा की सरकार बनने के बाद खुशहाली आएगी।
एक सवाल के जवाब में सपा अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित राज्य के सभी सरकारी विभाग में लूट मची हुई है। उपमुख्यमंत्री डांट खाकर काम कर रहे हैं। राज्य के मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों व एंबुलेंसों का बुरा हाल है। पुलिस की पिटाई से गाजीपुर में भाजपा कार्यकर्ता की मौत को लेकर कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। न्याय न मिलने पर लोग मुख्यमंत्री आवास पर आकर आत्महत्या कर रहे हैं।
भाजपा नेत्री बेबी रानी मौर्य द्वारा झांसी के सीपरी थाना प्रभारी पर बदसलूकी के आरोप को लेकर उन्होंने कहा कि यह सब मुख्यमंत्री के इशारे पर हो रहा है। सपा अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की कि पंजाब सहित अन्य राज्यों में आई बाढ़ से किसानों के हुए नुकसान की पूरी भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के बाद सपा नेताओं पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस कराया जाएगा। इससे पहले उन्होंने सिख संगठनों के साथ किसानों के मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया और उन्हें भरोसा दिया कि सपा सरकार के सत्ता में आने पर सिखों को भी सरकार में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।