UP Elections: विधानसभा चुनाव 2027 के चुनाव में सपा किसे देगी टिकट? अखिलेश यादव ने कर दिया बड़ा एलान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसान युवाओं और व्यापारियों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की जीत का दावा किया और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहने का आह्वान किया। उन्होंने महंगाई बेरोजगारी और हिंदी भाषा के महत्व पर भी बात की।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान, नौजवान, महिलाएं और व्यापारी सभी परेशान हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को तैयार है।
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बिना सर्वे घोषित नहीं होंगे। केवल जीतने वाले उम्मीदवारों को ही टिकट दिया जाएगा। पार्टी मुख्यालय पर बुलंदशहर और हापुड़ से आए नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नेता और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहें और मतदाताओं से संपर्क बनाए रखें।
आरोप लगाया कि भाजपा बेईमानी कर सकती है, वोट काटने की साजिश रच सकती है और वोट चोरी की कोशिश भी कर सकती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ी है। थाना-तहसील में उगाही चल रही है। नौजवानों के लिए नौकरियां नहीं हैं। न कोई नया उद्योग लग रहा है और न ही पूंजी निवेश आ रहा है।
हिंदी समाज को जोड़ने वाली भाषा
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में हिंदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि हिंदी समाज को एकता के सूत्र में पिरोने वाली भाषा है। सभी भारतीय भाषाएं समान हैं और सभी का विकास होना चाहिए।
भाषाओं का धर्म से कोई संबंध नहीं है। याद दिलाया कि सपा सरकार में नेताजी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में हिंदी भाषा का प्रविधान कराया था। साथ ही हिंदी साहित्यकारों को सम्मानित भी किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।