Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अखिलेश यादव ने सीएम योगी की ईमानदारी पर उठाया सवाल, कहा- यहां सत्ता में विराजमान 'योगी' नहीं…

    Updated: Sun, 05 Jan 2025 02:19 AM (IST)

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा में माफियाओं की भरमार है और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है। अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि भाजपा की नीतियों से प्रदेशवासियों को तबाही के सिवा कुछ नहीं मिला है और भाजपा पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

    Hero Image
    भाजपा में है माफियाओं की भरमारः अखिलेश

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा में माफियाओं की भरमार है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है। कहा कि भाजपा की नीतियों से प्रदेशवासियों को तबाही के सिवा कुछ नहीं मिला है। भाजपा पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। स्वास्थ्य विभाग में प्रत्येक स्तर पर भ्रष्टाचार है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शनिवार को पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय और प्रदेश के फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा भाजपा जनता की नहीं सुनना चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ईमानदार पर भी सवाल उठाया है, आरोप लगाया कि यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि यहां सत्ता में विराजमान योगी, योगी नहीं है।  

    भाजपा लोकतंत्र की आत्मा संविधान को ही बदलना चाहती है

    अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा लोकतंत्र की आत्मा संविधान को ही बदलना चाहती है। डाॅ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से गरीब-अमीर सबको एक वोट का अधिकार दिया था। भाजपा आरक्षण और वोट के अधिकार को समाप्त करना चाहती है।

    उन्होंने याद दिलाया कि सपा के पास डा. राममनोहर लोहिया, बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा और मुलायम सिंह यादव के संघर्ष की विरासत है। सामाजिक न्याय की लड़ाई समाजवादी ही लड़ते रहे है, और आज भी संघर्ष जारी है। समाजवादी पार्टी का जनता से भावनात्मक रिश्ता है। 

    सपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारा लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव को जीत पीडीए की सरकार बनाना है। सपा की सरकार बनाने के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करना है। 

    बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेता विरोधी दल विधानसभा माता प्रसाद पाण्डेय, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल भी उपस्थित थे।

    कल्पनाथ राय को कांग्रेस नेताओं ने किया याद

    पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय की जयंती के अवसर पर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित समारोह में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें याद किया और श्रृद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कल्पनाथ बहुत ही जुझारू एवं संघर्षशील नेता थे। वह संसद के दोनों सदन लोकसभा एवं राज्यसभा के कई बार सदस्य रहे। उन्हें विकास पुरुष के नाम से भी जाना जाता है।

    इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष डा. सीपी राय, उपाध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव हिंदवी व वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय दीक्षित सहित तमाम कांग्रेस नेता उपस्थित थे।