Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'लगातार सियासी हार से परेशान हैं अखिलेश', भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा प्रमुख पर किया पलटवार

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने महाकुंभ में अव्यवस्था का आरोप लगाने वाले सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में अब तक 50 करोड़ से अधिक सनातनियों ने त्रिवेणी संगम में पावन स्नान किया है। लगातार मिल रही सियासी हार और छिटकते वोटबैंक से सपा प्रमुख परेशान हैं। इसलिए वह महाकुंंभ को लेकर अनर्गल बातें कर रहे हैं।

    By Alok Mishra Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sat, 15 Feb 2025 09:28 PM (IST)
    Hero Image
    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और अखिलेश यादव

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने महाकुंभ में अव्यवस्था का आरोप लगाकर राज्य सरकार को लगातार घेर रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में अब तक 50 करोड़ से अधिक सनातनियों ने त्रिवेणी संगम में पावन स्नान किया है। लगातार मिल रही सियासी हार और छिटकते वोटबैंक से सपा प्रमुख परेशान हैं। इसलिए वह महाकुंंभ को लेकर अनर्गल बातें कर रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महाकुंभ विरासत के सम्मान का श्रेष्ठ उदाहरण है। महाकुंभ में प्रदेश सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं की देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लोग प्रशंसा कर रहे हैं। लेकिन सपा प्रमुख को सनातन के इस बढ़ते गौरव से पीड़ा हो रही है। उनकी पीड़ा को प्रदेश की जनता बखूबी समझ चुकी है। यही वजह है कि एक के बाद एक चुनावों में अखिलेश व उनके साथी-बाराती सब जनता द्वारा धूल में मिलाए जा रहे हैं।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उप्र ने बीते आठ वर्षाें में विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सपा, बसपा व कांग्रेस के पंजे से निकालकर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में अद्वितीय कार्य हुए हैं। उप्र अब उद्योग प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। कहा कि अखिलेश यादव निवेश पर सवाल उठाते हैं। जबकि उन्हें खुश होना चाहिए कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश आ रहा है।

    अव्यवस्था छिपाने को श्रद्धालुओं का आंकड़ा कम बता रही सरकार: अखिलेश

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आमद का गलत आंकड़ा बताने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमारी जानकारी के अनुसार महाकुंभ में 60 करोड़ लोग आए हैं। महाकुंभ में हुई अव्यवस्था का आगे कोई अध्ययन न हो, इसके लिए सरकार सही आंकड़ा छिपा रही है।

    उन्होंने महाकुंभ आयोजन की समय सीमा बढ़ाने की भी मांग उठाई। शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश ने कहा कि राजा हर्षवर्धन के समय पर 75 दिन का कुंभ होता था। उस समय किसी धर्म के लोगों पर रोक नहीं होती थी। इस बार भगदड़, जाम, सुविधाओं की कमी आदि की कारण बहुत लोग, विशेषकर बुजुर्ग कुंभ नहीं जा पाए हैं।

    उनके लिए आयोजन का समय बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर प्रणाली पूरी तरह फेल है। 300 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मैं भारत सरकार से कहता हूं कि उप्र सरकार को अकबर का किला दान में दे दें, जिससे जरूरत पड़ने पर महाकुंभ के लिए व्यवस्था की जा सके।

    उन्होंने महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मुसलमान भाइयों का धन्यवाद भी दिया। बजट के सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि उप्र का बजट आने वाला है। 40 लाख करोड़ रुपये के एमओयू का ब्यौरा नहीं मिल रहा है। इन्वेस्टमेंट की कोई पालिसी नहीं बनी, क्योंकि यहां निवेश ही नहीं हुआ। मुख्यमंत्री को अफसर बेवकूफ बना रहे हैं, इसके लिए उनको बहुत बधाई।