महिलाओं को 40000 रुपये देंगे अखिलेश यादव, सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन लागू करने का भी किया वादा
सपा अपने चुनावी घोषणा पत्र से पहले 'स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना' को चर्चा में बनाए हुए है, जिसमें गरीब महिलाओं को ...और पढ़ें

घोषणा पत्र से पहले अखिलेश ने दोहराया महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा।
HighLights
सपा 'स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना' को लगातार चर्चा में रख रही है।
अखिलेश यादव ने गरीब महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा दोहराया।
पीडीए फार्मूले में 'ए' का अर्थ आधी आबादी, सशक्तिकरण पर जोर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव की तैयारियों के बीच सपा महिलाओं को सीधे आर्थिक मदद देने के अपने वादे को लगातार चर्चा में बनाए रखने की कोशिश में है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को एक्स पर 'स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना' का विज्ञापन पोस्ट कर गरीब महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा दोहराया।
26 नवंबर को सपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी होना है। ऐसे में इस योजना का दोबारा प्रचार घोषणा पत्र से पहले इसके लिए माहौल बनाने की कवायद माना जा रहा है।
सपा प्रमुख ने अपने पीडीए फार्मूले में 'ए' का अर्थ आधी आबादी भी बताया है और महिलाओं के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण की बात उठाते रहे हैं। उन्हाेंने मार्च 2025 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस योजना की घोषणा की थी।
मार्च 2026 में मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह में 40 हजार रुपये देने का वादा दोहराया और समाजवादी पेंशन योजना फिर शुरू करने की बात कही थी। अगस्त में अखिलेश और सांसद डिंपल यादव ने योजना को विस्तार देते हुए इसे पार्टी के महिला कल्याण संबंधी चुनावी वादे के रूप में सामने रखा था।
इसके बाद छात्राओं को लैपटाप और साइकिल, महिलाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण तथा सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे वादे भी सामने रखे थे। अब पार्टी की कोशिश है कि घोषणा पत्र सामने आने तक योजना का नाम और आर्थिक सहायता, महिला मतदाताओं में चर्चा में बना रहे।
हालांकि घोषणा पत्र में इस पर भी सबकी नजरें हैं कि सपा इस वादे के साथ उसके क्रियान्वयन, पात्रता और बजट का खाका किस तरह पेश करती है? क्योंकि चुनावी वादे को व्यावहारिक योजना में बदलने की कसौटी इन्हीं बिंदुओं पर तय होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।