UP Farmers: यूपी के किसानों की बढ़ने वाली है कमाई, इजराइल से कौन-सी तकनीक सीखकर आ गए अधिकारी?
उत्तर प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने के लिए इजराइली तकनीक एग्रीवोल्टेइक्स का उपयोग किया जाएगा। उद्यान विभाग ने अधिकारियों का दल इजराइल भेजा है जो वहां की तकनीक का अध्ययन करेगा। इस तकनीक में सोलर पैनलों को फसलों के साथ जोड़कर भूमि का दोहरा उपयोग किया जाता है जिससे पानी की बचत होती है और फसल की उपज बढ़ती है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। किसानों-बागवानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि सौर एकीकरण (एग्रीवोल्टेइक्स) की इजराइली तकनीक को उप्र में भी आजमाया जाएगा। उद्यान विभाग ने तीन अधिकारियों के दल इजराइल भेजा गया है, जो वहां की जलवायु और उसके साथ अपनाई जा रही तकनीक की जानकारी ले रहा है। अध्ययन के बाद किसानों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
आठ सिंतबर को भेजे गए अधिकारियों के दल में संयुक्त निदेशक शाकभाजी डा. राजीव कुमार वर्मा, उपनिदेशक आलू कौशल कुमार नीरज और जिला उद्यान अधिकारी मेवा राम शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि एग्रीवोल्टेइक्स तकनीक को भी अपनाया जाएगा।
इसमें फोटोवोल्टेइक पैनलों को फसलों के साथ जोड़कर भूमि का दोहरा उपयोग किया जाता है। पैनल की आड़ में पौधे लगाए जाते हैं। शुष्क एवं बंजर भूमि के लिए यह तकनीक बेहतर है। सोलर पैनलों से छाया मिलने पर पानी की बचत होती है और फसल की उपज भी बढ़ती है। वहीं किसान को भी दोहरा लाभ होता है।
वहीं आने वाले दिनों में मीरजापुर में भी एवोकाडो की खेती करने का लक्ष्य है। एवोकाडो के पौधे इजराइल से आएंगे। ड्रिप सिंचाई और खाद प्रबंधन की संतुलित तकनीक अपनाकर खेती कराई जाएगी। अध्ययन दल की वापसी शुक्रवार को होगी। इसके बाद इजराइल में सीखी गयी नवीन तकनीकों का मीरजापुर और अन्य जिलों में किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।