UP Weather Today: आगरा-गोरखपुर में उमस ने किया बेहाल, बूंदाबांदी से भी नहीं राहत; पढ़िए IMD का ताजा अपडेट
आगरा में बुधवार को उमस ने शहरवासियों को बेहाल कर दिया। बादल छाए रहने से आर्द्रता बढ़ी रही और बूंदाबांदी से भी राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान में वृद्धि और अधिकतम में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। वहीं लखनऊ के आसपास के जिलों में भी बारिश की संभावना है।

जागरण संवाददाता, आगरा/लखनऊ। यूपी में तेजी से मौसम ने करवट बदली है। कई दिनों से लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं आगरा शहर में बुधवार को उमस से शहरवासियों का हाल दिनभर बेहाल रहा। सुबह से शाम तक बादल छाए रहने की वजह से आर्द्रता अधिक होने पर पसीना बहता रहा।
आधा घंटे से अधिक समय तक हुई बूंदाबांदी भी शहरवासियों को राहत नहीं दिला सकी। न्यूनतम तापमान में वृद्धि और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को आसमान साफ रहने व धूप निकलने का पूर्वानुमान जताया है। तापमान में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
शहर में बुधवार सुबह बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। दिनभर यही स्थिति बनी रही। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 90 प्रतिशत तक पहुंच गई। इसके चलते कूलर व पंखे में जरा भी राहत नहीं मिली। घर या अंदर कहीं भी राहत का अनुभव नहीं हुआ। शाम चार बजे के करीब शहर में बूंदाबांदी शुरू हो गई।
बूंदाबांदी थमने के बाद उमस और बढ़ गई। शाम 5:30 बजे आर्द्रता 94 प्रतिशत रही। अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
लखनऊ के आसपास के जिलों का मौसम
अमेठी: कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डा. नवनीत कुमार मिश्रा के अनुसार गुरुवार मौसम सामान्य रहेगा। आसमान में हल्के बादल के बीच उमस भरी गर्मी रहेगी और हल्की बारिश की संभावना है।
बहराइच : नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने व बारिश होने की संभावना है। हवा के पूर्वी दिशा में चलने के आसार हैं।
गोंडा: वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. उपेंद्रनाथ सिंह के अनुसार गुरुवार को मौसम में बदलाव के आसार हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
गोरखपुर का मौसम
गोरखपुर में गुरुवार को छिटपुट बादल छाए रहेंगे। आमतौर पर मौसम साफ रहेगा। देवरिया व बस्ती में छिटपुट बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने पूर्वानुमान है।
कानपुर का मौसम
27 जुलाई के मध्य तेज हवा, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।