आगरा एक्सप्रेसवे हादसे के घायलों का आरोप- नशे में था ड्राइवर, विरोध पर बस से उतारने की दी थी धमकी
आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए बस हादसे के घायलों ने आरोप लगाया है कि बस चालक नशे में थे और विरोध ...और पढ़ें

पुलिस ने चालकों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे हैं ताकि नशे की पुष्टि हो सके।
HighLights
घायलों ने बस चालकों पर नशे में होने का आरोप लगाया।
विरोध करने पर चालकों ने यात्रियों को बस से उतारने की धमकी दी।
चालकों के ब्लड सैंपल नशे की पुष्टि के लिए भेजे गए।
संवादसूत्र, आलमबाग (लखनऊ)। आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह हुए भीषण बस हादसे के बाद घायलों ने बस चालकों पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है। यात्रियों का दावा है कि दोनों चालक शाम से ही शराब के नशे में थे।
देर रात बस रोकने के दौरान उन्होंने फिर शराब पी थी। इस पर यात्रियों ने विरोध किया तो चालकों ने उन्हें बस से नीचे उतारने की धमकी दी थी। घायल यात्रियों बिहार के छपरा निवासी राजीव कुमार महतो, सोनू, अर्जुन राम और पश्चिमी चंपारण निवासी जितेंद्र यादव ने बताया कि वे रविवार दोपहर करीब 12 बजे बस में सवार हुए थे। हालांकि, बस शाम करीब पांच बजे राजस्थान के भिवाड़ी बैरियर से रवाना हुई। यात्रियों के मुताबिक, दोनों चालक पहले से ही नशे में थे।
यह भी पढ़ें- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से 3 की मौत, राजस्थान से बिहार के छपरा जा रहे थे 65 यात्री; कई घायल
देर रात बस रुकने पर दोनों ने फिर शराब पी। इसके बाद एक चालक अत्यधिक नशे में होने के कारण सो गया, जबकि दूसरा बस चलाने लगा। यात्रियों ने चालक को नशे की हालत में गाड़ी चलाने से मना किया तो उसने उन्हें बस से उतारने की धमकी दी। सोमवार सुबह करीब सात बजे सो रहा दूसरा चालक बस चलाने लगा। यात्रियों के अनुसार, इसके करीब 15 मिनट बाद ही बस अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।
घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनय वर्मा ने बताया कि दोनों चालकों के नशे में होने की पुष्टि के लिए उनके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।