लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे पर 40 फीट गहरी खाई में पलटी बस, छपरा लौट रहे तीन यात्रियों की मौत, 45 घायल
Agra Expressway Bus Accident: आगरा एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के भिवाड़ी से छपरा लौट रही एक बस 25 फीट गहरी खाई ...और पढ़ें

छपरा के दो यात्रियों की गई जान, तीसरे की पहचान नहीं (Photo-ITG)
HighLights
बस आगरा एक्सप्रेसवे पर 25 फीट गहरी खाई में पलटी।
हादसे में तीन यात्रियों की मौत, 35 लोग घायल हुए।
41 सीट की बस में 65 यात्री सवार थे।
डिजिटल डेस्क, पटना/लखनऊ। राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा लौट रहे यात्रियों की बस सोमवार सुबह आगरा एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। जीरो प्वाइंट मोहन के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फीट नीचे खाई में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए।
मृतकों में दो बिहार के छपरा निवासी हैं। बस में बच्चों समेत करीब 65 यात्री सवार थे, जबकि उसकी निर्धारित क्षमता महज 41 यात्रियों की थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 35 मिनट तक रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
छपरा के दो यात्रियों की गई जान, तीसरे की पहचान नहीं
हादसे में जान गंवाने वालों में 63 वर्षीय शंकर रज्जक और 43 वर्षीय शामली राय शामिल हैं। दोनों बिहार के छपरा के निवासी थे। तीसरे मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है, लेकिन देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
हादसे में घायल 35 यात्रियों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें 11 की हालत गंभीर होने पर उन्हें किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। एक अन्य घायल शुभम को मामूली चोट आई थी। उपचार के बाद वह स्वयं अस्पताल से चला गया।
41 सीट की बस में बच्चों समेत 65 यात्री, खाई में पलटी
भिवाड़ी (राजस्थान) से छपरा जा रही बस संख्या बीआर 28 पी 4332 सोमवार सुबह करीब सात बजे जीरो प्वाइंट मोहन के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए खाई में पलट गई।
आरटीओ प्रवर्तन के अनुसार, बस की निर्धारित क्षमता 41 यात्रियों की थी, लेकिन उसमें करीब 65 लोग सवार थे। क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बस में फंसे यात्रियों को निकालने में जुटी रहीं टीमें
बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग बस के भीतर फंस गए, जबकि कुछ एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के निर्देशन में आलमबाग अग्निशमन केंद्र से दमकल वाहन, सरोजनीनगर से रेस्क्यू वाहन और हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (एमडीआरवी) भेजा गया।
अग्निशमन कर्मियों ने विशेष उपकरणों की मदद से बस में बुरी तरह फंसे 15 से 16 यात्रियों को बाहर निकाला। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। करीब 35 मिनट में संयुक्त रेस्क्यू अभियान पूरा किया गया।
घायलों ने लगाया शराब पीकर बस चलाने का आरोप
हादसे में घायल यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालकों ने रात में बस रोककर एक ढाबे पर शराब पी थी। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
परमिट की जांच में जुटा परिवहन विभाग
हादसे की सूचना पर आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय और एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय के अनुसार, बस का बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और फिटनेस वैध मिला है।
हालांकि, परमिट की जांच की जा रही है। अधिकारी इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि 41 सीट की अनुमति वाली बस में करीब 65 यात्रियों को कैसे बैठाया गया। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।