Cavity Problem: आपके बच्चे तो नहीं हो रहे शिकार, जानिए इन घरेलू नुस्खों से कैविटी से बचने के उपाय
केजीएमयू में दंत संकाय की प्रो. डा. शालिनी गुप्ता कहती हैं कि बच्चों को सुबह-शाम ब्रश कराना जरूरी होता है। ऐसा नहीं करने पर रात में बैक्टीरिया व कीटाणुओं को पनपने का मौका मिलता है। इससे दांत में कीड़े लगने से वह खोखले होने लगते हैं।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। इन दिनों ज्यादातर बच्चों के दूध के दातों में कीड़ा लगने के मामले सामने आ रहे हैं। केजीएमयू में ऐसे सैकड़ों बच्चों का रूट कैनाल व दांतों की सफाई एवं कैपिंग की जा रही है। डाक्टरों के अनुसार बच्चों को टॉफी-चॉकलेट व अन्य मीठी वस्तुएं खिलाते रहते हैं। कई बार बच्चे स्वयं ऐसी वस्तुओं को लेकर खाते हैं या उसे पाने की जिद करते हैं। ऐसी वस्तुओं को बहुत अधिक मात्रा में खाने-पीने से बच्चों के दूध के दांत सडऩे लगते हैं। उनमें कैविटी व मल्टिपल कैविटी की समस्या होने लगती है। कई बच्चों के दांतों में नियमित ब्रश नहीं करने से कैल्कुलस भी बन जाता है, जिसे पत्थर भी कहते हैं। वहीं बहुतों के दांत खोखले हो जाते हैं।
केजीएमयू में दंत संकाय की प्रो. डा. शालिनी गुप्ता कहती हैं कि बच्चों को सुबह-शाम ब्रश कराना जरूरी होता है। ऐसा नहीं करने पर रात में बैक्टीरिया व कीटाणुओं को पनपने का मौका मिलता है। इससे दांत में कीड़े लगने से वह खोखले होने लगते हैं। दांतों में कैविटी ज्यादा गहरी हो जाने पर रूट कैनाल कराने की भी जरूरत पड़ जाती है। वक्त पर इलाज नहीं कराने पर बच्चों के दांत सही नहीं निकलते। इसके साथ ही उनके दांतों में भीषण दर्द भी होने लगता है। अभिभावकों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
इन वजहों से लगते हैं बच्चों के दांत में कीड़े:
- बहुत अधिक टॉफी, चॉकलेट, चीनी, गुड़ व अन्य मीठी वस्तुएं खाने से।
- सुबह-शाम दोनों वक्त ब्रश नहीं करने से
- ज्यादा गर्म वस्तुएं खाने से
- फास्ट फूड या तैलीय पदार्थ अधिक सेवन करने से
- दांतों को पर्याप्त न्युट्रिशन नहीं मिलने से
- कैल्शियम, मैग्नीशियम, विटामिन सी की कमी होने पर
दांतों की रक्षा के घरेलू उपाय:
- पिसी हल्दी में सरसों के तेल को फेंट कर बच्चे को सुबह-शाम ब्रश कराएं। इससे कीड़े मरने के साथ बच्चे के दांत भी चमक उठते हैं।
- फिटकरी को गर्म पानी में घोलकर उससे बच्चों को कुल्ला करवाएं। इससे दांतों में लगे कीड़े खत्म हो जाते हैं।
हींग को हल्का सा गर्म कर लें और उसे रुई की मदद से कीड़े लगे दांतों में लगाने से आराम मिलता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।