Farmers of UP : विकसित कृषि संकल्प अभियान से जोड़े जाएंगे 50 लाख किसान
Farmers of UP For Developed Agriculture Resolution Campaign कृषि विभाग कृषि विश्वविद्यालय कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक उद्यान पशुपालन सहकारिता ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : केंद्र सरकार के विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 के सहारे योगी सरकार ‘लैब टू लैंड’ नारे को साकार करने का प्रयास कर रही है। अभियान के दौरान 50 लाख किसानों को जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। यह केंद्र सरकार के 1.5 करोड़ किसानों तक पहुंचने के लक्ष्य का एक तिहाई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत की थी और कहा था कि कृषि वैज्ञानिक अपनी लैब से निकलकर लैंड पर जाएंगे और किसानों के साथ संवाद कर कृषि की समस्याओं का हल खोजेंगे। 12 जून तक चलने वाले इस अभियान में 12 हजार वैज्ञानिकों को जिम्मेदारी दी गई है। इनके साथ कृषि विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, मधुमक्खी पालन व सिंचाई आदि विभागों के अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे। हर जिले आयोजन होंगे और इसके लिए 225 टीमें गठित की गई है। कुल 10,125 स्थलों पर किसानों से संवाद किया जाएगा।
अभियान में किसानों को खरीफ फसलों की आधुनिकतम तकनीक, प्राकृतिक खेती से जन, जमीन और जल को होने वाले लाभ के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। खरीफ की फसलों के बेहतर उत्पादन के लिए उन्नत बीजों के उपयोग, बीज शोधन, मिट्टी स्वास्थ्य सुधार, सहफसली खेती, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिचाई, खेतीबाड़ी में ड्रोन के इस्तेमाल, औद्यानिक फसलों की उपज एवं गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय, फसल सुरक्षा के उपायों आदि के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। सरकार का मानना है कि अभियान का दूरगामी असर तो होगा ही, खरीफ की फसल के लिहाज से तात्कालिक लाभ भी मिलेगा।
किसानों को ढैंचा बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया है कि मृदा में जीवांश कार्बन एवं जैविक पदार्थ की वृद्धि और उर्वरता बढ़ाने के लिए कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 सामान्य वितरण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत 50 प्रतिशत अनुदान पर ढैंचा बीज का वितरण किया जा रहा है।
इसके लिए सभी जिलों के राजकीय कृषि बीज भंडार पर अब तक 11,656 क्विंटल बीज की आपूर्ति कराई जा चुकी है। विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत समस्त श्रेणी के लाभार्थी किसान अनुदान पर 40 किग्रा प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम दो हेक्टेयर सीमा तक बीज राजकीय बीज गोदाम से बीज प्राप्त कर सकते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।